रफ़्तार का कहर: 108 एंबुलेंस ने बाइक को रौंदा, चाची की मौत, भतीजा गंभीर

रीवा: रीवा-मनगवां हाईवे पर बुधवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. जहाँ एक तेज रफ्तार 108 एंबुलेंस ने बाइक सवार चाची और भतीजे को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में घायल महिला की संजय गांधी अस्पताल के गेट पर ही मौत हो गई, जबकि भतीजा गंभीर रूप से घायल है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
अस्पताल पहुँचने से पहले थम गई सांसें
मिली जानकारी के अनुसार, मनगवां थाना अंतर्गत ग्राम कुरिया निवासी ममता पटेल अपने भतीजे के साथ बाइक से रीवा की ओर आ रही थीं. सुबह जब वे रायपुर कर्चुलियान थाना क्षेत्र के ग्राम चुरगड़ी के समीप पहुँचे, तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार 108 एंबुलेंस ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया. टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सड़क पर दूर जा गिरे.
राहगीरों ने तत्काल घायलों को अस्पताल भिजवाया, लेकिन ममता पटेल की जान नहीं बच सकी. अस्पताल की चौखट पर पहुँचते ही उन्होंने दम तोड़ दिया.











