जूते में छिपे सांप ने पुलिसकर्मी को काटा, सूझबूझ दिखाते हुए डिब्बे में बंद कर अस्पताल पहुंचा

बिहार के बिहार शरीफ से एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पुलिसकर्मी को जूते में छिपे सांप ने काट लिया। हालांकि, घबराने के बजाय पुलिसकर्मी ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए सांप को पकड़कर डिब्बे में बंद किया और सीधे अस्पताल पहुंच गया।

जानकारी के मुताबिक, वीरेंद्र कुमार महतो डायल-112 टीम में तैनात हैं और पचासा मोड़ पर उनकी ड्यूटी रहती है। शनिवार को ड्यूटी पर जाने से पहले जैसे ही उन्होंने जूता पहना, उसमें पहले से छिपे सांप ने उनके पैर में काट लिया। अचानक हुए इस हमले से वे चौंक गए, लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी।

घटना के तुरंत बाद उन्होंने सांप को पकड़कर एक कांच के डिब्बे में बंद कर दिया और इलाज के लिए अस्पताल पहुंच गए। जब अस्पताल में लोग उन्हें सांप के साथ पहुंचे देखा तो वहां अफरा-तफरी मच गई और लोग दहशत में आ गए।

डॉक्टरों के अनुसार, सांप छोटा था और उसका जहर ज्यादा प्रभावी नहीं था। समय पर इलाज मिलने से पुलिसकर्मी की जान बच गई और उनकी हालत अब सामान्य बताई जा रही है।

इस घटना के बाद डॉक्टरों ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। खासकर जूते-चप्पल या कपड़े पहनने से पहले उन्हें अच्छी तरह जांच लेने की बात कही गई है, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close