कार की रफ्तार बनी गौवंश के लिए काल, 4 को कुचला; 3 की मौत

कोरबा जिले में गुरुवार देर रात दो अलग-अलग सड़क हादसे सामने आए। उरगा थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से तीन गौवंशों की मौत हो गई, जबकि एक घायल है। वहीं, बुधवारी बायपास पर कार और ई-रिक्शा की भिड़ंत में कई लोग घायल हो गए।

तेज रफ्तार कार ने 4 गौवंशों को मारी टक्कर

उरगा थाना क्षेत्र के भैंसमा पावर जनरेट ऑफिस के सामने तेज रफ्तार टाटा टियागो ने सड़क पर बैठे चार गौवंशों को टक्कर मार दी। हादसे में तीन गौवंशों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हुआ।

सूचना के बाद डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति संभाली। बजरंग दल के सदस्यों और गौसेवकों ने मृत गौवंशों को सड़क से हटवाया और घायल पशु को उपचार के लिए भेजा।

बजरंग दल ने आरोप लगाया कि कार चालक नशे की हालत में वाहन चला रहा था। संगठन ने चालक का मेडिकल और ब्रेथ एनालाइजर टेस्ट कराने के साथ तेज और नशे में ड्राइविंग की धाराओं में कार्रवाई की मांग की है। हालांकि, चालक के नशे में होने की आधिकारिक पुष्टि मेडिकल जांच के बाद ही होगी।

कार और ई-रिक्शा की भिड़ंत में कई घायल

दूसरी घटना बुधवारी बायपास की है, जहां तेज रफ्तार कार और ई-रिक्शा की भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद ई-रिक्शा पलट गया और उसमें सवार कई लोग घायल हो गए। घायलों को जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक युवती के पैर में गंभीर चोट आने की जानकारी है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ई-रिक्शा एक नाबालिग चला रहा था। हादसे के बाद उसके कुछ साथी मौके पर पहुंचे, जिससे तनाव की स्थिति बन गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया।

दोनों वाहनों को किया जब्त

सिविल लाइन पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है और CCTV फुटेज की जांच की जा रही है। पुलिस हादसे की वजह, वाहनों की रफ्तार, ई-रिक्शा चला रहे नाबालिग और कार चालक की भूमिका समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

पुलिस ने लोगों से नाबालिगों को वाहन नहीं देने और तेज रफ्तार में वाहन नहीं चलाने की अपील की है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com