बलिया: जनपद में पर्याप्त है पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस, अफ़वाहों पर न दें ध्यान- डीएम मंगला प्रसाद सिंह

बलिया: खाड़ी देशों में चल रहे युद्ध की खबरों के बीच जिले में ईंधन की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों पर लगाम लगाते हुए जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने आम जनता को आश्वस्त किया है. उन्होंने स्पष्ट किया कि जनपद में एलपीजी गैस, पेट्रोल और डीजल की कोई कमी नहीं है और आपूर्ति सुचारू रूप से जारी है.
डीएम ने कहा कि खाड़ी देशों के युद्ध का जनपद की ईंधन आपूर्ति पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा है. पूर्व की भांति सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से लागू हैं. प्रशासन और खाद्य आपूर्ति विभाग की टीम लगातार तेल कंपनियों के संपर्क में है और पल-पल का फीडबैक लिया जा रहा है.
डीएम ने जनता से अपील की है कि वे घबराकर अनावश्यक रूप से पेट्रोल या गैस का स्टॉक न करें. जितनी आवश्यकता हो, उतना ही खरीदें ताकि दूसरों को भी आसानी से ईंधन उपलब्ध हो सके.
डीएम ने पेट्रोल पंप संचालकों और गैस एजेंसियों को भी कड़ा संदेश दिया है. उन्होंने कहा कि अगर कोई भी अवैध भंडारण या कृत्रिम किल्लत पैदा करने की कोशिश करेगा, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर लाइसेंस भी निरस्त किया जा सकता है.
डीएम मंगला प्रसाद ने अपील किया कि जनपदवासी किसी भी प्रकार की अफवाहों में न आएँ. हमारे पास पर्याप्त मात्रा में एलपीजी सिलेंडर और डीजल-पेट्रोल उपलब्ध है. अगर किसी को कोई समस्या आती है, तो प्रशासन को तुरंत सूचित करें, समाधान तत्काल किया जाएगा. कहा यदि कोई दुकानदार या एजेंसी निर्धारित दर से अधिक पैसे वसूलती है या कालाबाजारी करती है, तो इसकी सूचना तुरंत जिला प्रशासन या खाद्य विभाग को दें.











