बिहार: ग्रिल उखाड़कर 50 लाख की संपत्ति ले भागे चोर, घर वालों को नहीं लगी कोई भनक

औरंगाबाद: अज्ञात चोरों ने एक घर की ग्रिल उखाड़कर देर रात सोने-चांदी के जेवरात और कीमती सामान ले उड़े. मामला मुफस्सिल थाना क्षेत्र के गायत्री नगर मोहल्ले की है. घटना को लेकर बिजली विभाग के रिटायर्ड कर्मी राजेश्वर सिंह ने बताया कि रविवार की रात घर के सभी लोग खाना खाकर अपने-अपने कमरे में सोने चले गए.
इस घटना की किसी को भनक तक नहीं लगी. सुबह परिवार के सदस्यों की नींद खुली. रोज की तरह पूजा रूम में गए। वहां का दृश्य देखकर होश उड़ गए. कमरे में सामान बिखरा हुआ था. अलमारी से गहने गायब थे. राजेश्वर सिंह ने बताया कि घर के पिछले हिस्से से सटा हुआ एक खाली प्लॉट है. जहां घनी झाड़ियां उगी हुई है.
आशंका जताई जा रही है कि चोर उसी झाड़ी का फायदा उठाकर पहले खाली प्लॉट में पहुंचे, फिर बाउंड्री पारकर अंदर आए. इसके बाद खिड़की का ग्रिल उखाड़कर कमरे में घुसे और अलमारी का ताला तोड़ दिया. उसमें रखे सोने-चांदी के जेवरात समेत अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए. जिसकी कीमत करीब 50 लाख रूपये होगी. घर में उनकी दो बहुओं और बेटी के जेवरात रखे थे. चोरी की घटना इतनी शातिर तरीके से अंजाम दी गई कि घर में सो रहे लोगों को इसकी भनक तक नहीं लगी. सुबह जब घटना का पता चला तो इसकी सूचना आसपास के लोगों को दी गई.
मामले की सूचना पर पुलिस पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ की तथा सीसीटीवी कैमरे को खंगाला जा रहा है. थानाध्यक्ष अशोक कुमार ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है. जल्द ही खुलासा कर दिया जाएगा. इसमें डॉग स्क्वायड की टीम को भी बुलाया गया है, ताकि चोरों के बारे में कोई सुराग मिल सके.











