सुपौल में आटो पार्ट्स की दुकान को चोर बनाया निशाना, पुलिस पर उठ रहे सवाल

सुपौल: थाना क्षेत्र के सिमराही बाजार में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब वे पुलिस गश्त को धता बताकर मुख्य बाजार में बड़ी चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं.

शनिवार की देर रात चोरों ने वार्ड नंबर 9, हीरो शोरूम के समीप स्थित न्यू उमेश आटो पार्ट्स और बैटरी दुकान का ताला तोड़कर करीब 70 हजार रुपये से अधिक मूल्य के सामान पर हाथ साफ कर दिया. पीड़ित दुकानदार मनीष कुमार (24 वर्ष) निवासी सिमराही वार्ड 07 ने बताया कि वे 24 जनवरी की शाम रोजाना की तरह दुकान बंद कर घर गए थे. रविवार सुबह करीब 9 बजे जब वे दुकान खोलने पहुंचे, तो शटर का मुख्य ताला टूटा देख उनके होश उड़ गए. दुकान के अंदर सारा सामान बिखरा पड़ा था. दुकान का मुआयना किया तो पाया कि 70 हजार रुपये से अधिक के सामान गायब हैं.

घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों में असुरक्षा का माहौल है. लोगों का कहना है कि राघोपुर थाना क्षेत्र में चोरी और लूट की घटनाएं आम हो चुकी हैं. स्थानीय नागरिकों ने पुलिस प्रशासन पर आरोप लगाते हुए कहा कि ऐसी कोई रात नहीं बीतती जब अपराध न हो, लेकिन दुर्भाग्यपूर्ण है कि आज तक पुलिस एक भी बड़ी चोरी का खुलासा करने में सफल नहीं रही है.

घटना की सूचना मिलते ही राघोपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया. इस संबंध में थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि पुलिस ने कांड संख्या 32/26 दर्ज कर किया है. आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्धों की पहचान की जा रही है. जल्द ही मामले का उद्भेदन कर लिया जाएगा.

close