जनता को ठगने और उद्योगपतियों को खुश करने वाला है ये बजट, दिल्ली ने फिर छीना छत्तीसगढ़ का हक: पीसीसी चीफ, दीपक बैज

रायपुर: केंद्रीय बजट को लेकर कांग्रेस ने मोदी सरकार पर सीधा हमला बोला. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा पेश किए गए केंद्रीय बजट को आम जनता, किसान और युवाओं के लिए निराशाजनक बताते हुए इसे पूरी तरह उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाने वाला बजट करार दिया. बैज ने कहा कि यह बजट देश की भलाई नहीं, बल्कि चुनावी और कॉरपोरेट हितों को साधने वाला दस्तावेज है.
“डबल इंजन का दावा, छत्तीसगढ़ फिर खाली हाथ”
दीपक बैज ने कहा कि भाजपा शासित राज्यों में “डबल इंजन सरकार” के बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं, लेकिन हकीकत यह है कि इस बजट में छत्तीसगढ़ के लिए कुछ भी नहीं है. बैज ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने एक बार फिर छत्तीसगढ़ के साथ धोखा किया है.
पीसीसी चीफ दीपक बैज ने कहा कि देश में लगातार बढ़ती महंगाई और युवाओं के रोजगार को लेकर इस बजट में कोई ठोस प्रावधान नहीं है. न तो महंगाई कम करने की कोई योजना है, और न ही नए रोजगार सृजन को लेकर कोई स्पष्ट रोडमैप.
“चुनावी राज्यों को फायदा, बाकी राज्यों की अनदेखी”
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि बजट में क्षेत्रीय असमानता साफ दिखाई देती है. जिन राज्यों में आगामी समय में चुनाव होने हैं, वहां राजनीतिक लाभ लेने के उद्देश्य से प्रावधान किए गए हैं, जबकि अन्य राज्यों को पूरी तरह नजरअंदाज किया गया है.
“गरीबी के आंकड़ों पर सवाल”
दीपक बैज ने वित्त मंत्री के उस दावे पर भी सवाल उठाया, जिसमें कहा गया कि 25 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकाला गया. दीपक बैज ने कहा कि अगर ऐसा है, तो फिर पिछले 5–7 वर्षों से 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन क्यों दिया जा रहा है. यह सरकार के दावों और हकीकत के बीच बड़ा विरोधाभास है.
“रोजगार और लघु उद्योगों के साथ मज़ाक”
बैज ने कहा कि मोदी सरकार ने हर साल 2 करोड़ नौकरियां देने का वादा किया था, लेकिन इस बजट में इसका कोई उल्लेख नहीं. वहीं लघु उद्योगों के लिए मात्र 10 हजार करोड़ का प्रावधान कर सरकार ने इस सेक्टर के साथ मज़ाक किया.











