शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर 50 लाख की ठगी के तीन और आरोपित गिरफ्तार, देशभर में दर्ज हैं 113 शिकायतें

साइबर क्राइम पुलिस ने शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर 50 लाख रुपये की साइबर ठगी के मामले में तीन और आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों में इंदौर निवासी अनुराग सिंह रघुवंशी उर्फ राजबीर, नरसिंहपुर के गाडरवारा निवासी पराग जायसवाल और भोपाल के ऐशबाग निवासी सौरभ मालवीय शामिल हैं। वशिष्ठ कॉलोनी की एक महिला ने मोबाइल पर ट्रेडिंग इन्वेस्टमेंट का विज्ञापन देखा और उस पर क्लिक किया। इसके बाद उसे वॉट्सऐप कॉल आई, जिसमें कॉल करने वालों ने स्टॉक मार्केट में निवेश का झांसा देकर पहले कुछ पैसे लगवाए और मुनाफे का लालच दिया।
झांसे में आकर महिला ने गंवाए 50 लाख रुपये
महिला ने अपने पति के साथ मिलकर और अधिक रकम निवेश कर दी। इस प्रकार आरोपितों ने कुल 50 लाख 65 हजार रुपये की ठगी की। शिकायत के आधार पर थाना साइबर क्राइम में मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान छत्तीसगढ़ के दुर्ग से दो आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने 14 लाख 88 हजार रुपये होल्ड कर शिकायतकर्ता को वापस दिलवाए। थाना साइबर प्रभारी पीएसआइ महेश कुमार ने बताया कि आरोपितों ने ठगी के लिए मुख्य आरोपितों को खाते उपलब्ध करवाए थे।
अपराधिक रिकॉर्ड और कमीशन का खेल
आरोपितों के खिलाफ छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र में पहले भी मामले दर्ज हैं। उन्होंने जानबूझकर खाता अन्य साइबर ठगों को उपलब्ध करवाया ताकि ठगी की राशि जमा हो सके और उन्हें कमीशन मिल सके। जांच में यह भी सामने आया कि पहले गिरफ्तार आरोपित गिरीश पवार के खाते में मई 2025 के दौरान पांच से छह करोड़ की साइबर ठगी का लेनदेन हुआ, जिसके एवज में उसे साढ़े छह लाख रुपये कमीशन मिला।
देशभर से मिलीं 100 से अधिक शिकायतें
उसके एचडीएफसी खाते के खिलाफ 75 साइबर ठगी की शिकायतें और एक अन्य खाते में 38 शिकायतें प्राप्त हुई हैं। आरोपित के खाते के खिलाफ देशभर से कुल 113 शिकायतें आई थीं।











