सीधी में दर्दनाक सड़क हादसा: पिता की मौत, बेटा और नाती घायल

सीधी: जिले के पटपरा थाना क्षेत्र अंतर्गत सोन नदी के गौघाट पुल पर एक हृदयविदारक सड़क हादसे में एक पिता की जान चली गई, जबकि उसका बेटा और नाती गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद पिकअप वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम मेड़रा थाना मझौली निवासी हर्ष लाल लोनिया अपने बेटे और नाती के साथ ग्राम हटवा में ससुराल पक्ष की शादी में शामिल होने बाइक से जा रहे थे। शाम करीब 7 बजे जैसे ही वे पटपरा थाना क्षेत्र के गौघाट पुल पर पहुंचे, तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों सड़क पर गिर पड़े. हादसे में हर्ष लाल गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के तुरंत बाद परिजन उन्हें उपचार के लिए संजय गांधी अस्पताल, रीवा ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस दर्दनाक घटना से परिवार में मातम पसरा हुआ है। जो परिवार शादी की खुशियों में शामिल होने जा रहा था, वह पलभर में शोक में बदल गया। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है और फरार पिकअप चालक की तलाश जारी है।











