यूपी में आमने-सामने भिड़े ट्रक और टैंकर, केबिन काटकर निकाला गया चालक; मौत

श्रावस्ती: उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती में शुक्रवार ट्रक और डीजल टैंकर के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई. इस हादसे में टैंकर चालक की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए. यह हादसा बहराइच-बलरामपुर राष्ट्रीय राजमार्ग (बौद्ध परिपथ) पर इकौना थाना क्षेत्र के भगवानपुर बनकट के पास हुआ.
दरअसल, डीजल टैंकर इकौना से बहराइच की ओर जा रहा था. उसे अर्जेंट कुमार सिंह (45) पुत्र रणधीर सिंह निवासी ग्राम सोनऊआ, थाना ऊचौलिया, जनपद लखीमपुर खीरी चला रहे थे. उसी समय बहराइच की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रक भगवानपुर बनकट के पास सामने से टकरा गया. इसमें परचून का सामान लदा था और जिसे गुड्डू निवासी मानकपुर, जनपद मुरादाबाद चला रहा था.

टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जेसीबी की मदद से टैंकर का केबिन काटकर चालक अर्जेंट कुमार सिंह को बाहर निकाला. उन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इकौना भेजा गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई.

बताया गया कि टैंकर खाली था और उसमें डीजल लोड नहीं था. दुर्घटना के बाद पुलिस ने हाइड्रा मशीन की मदद से दोनों वाहनों को सड़क किनारे हटवाकर यातायात सुचारू कराया. पुलिस ने मृतक चालक के शव का पंचनामा भरकर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है. साथ ही दोनों वाहनों के स्वामियों को दूरभाष के माध्यम से सूचना दे दी गई है. मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच रहे हैं.











