जगदलपुर में युवक से मारपीट और लूट की कोशिश, वायरल वीडियो के बाद दो आरोपी हिरासत में

जगदलपुर के गंगानगर इलाके में एक युवक के साथ मारपीट और छीनाझपटी की कोशिश का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया है, जबकि दो अन्य आरोपी अब भी फरार हैं। मामला बोधघाट थाना क्षेत्र का है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पीड़ित युवक नशे की हालत में था। इसी दौरान कुछ युवकों के साथ उसका विवाद हो गया, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। आरोप है कि हमलावरों ने युवक के साथ मारपीट करने के अलावा उसका पर्स और नकदी छीनने का भी प्रयास किया। वायरल वीडियो में आरोपी डंडों से घर और दुकान के सामने तोड़फोड़ करते हुए भी दिखाई दे रहे हैं।

घटना के दौरान शोरगुल सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई शुरू की।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पीड़ित युवक के बयान के आधार पर जांच शुरू की। वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर दो आरोपियों को हिरासत में लिया गया है, जबकि घटना में शामिल दो अन्य युवकों की तलाश जारी है। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो की बारीकी से जांच की जा रही है। उपलब्ध साक्ष्यों और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जांच पूरी होने और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद उनके नामों का भी खुलासा किया जाएगा।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com