आईआईएम नवा रायपुर में दो दिवसीय चिंतन शिविर संपन्न, योग से हुई शुरुआत; मुख्यमंत्री बोले- स्वस्थ मन और शरीर से मजबूत होगा सुशासन

आईआईएम नवा रायपुर में आयोजित दो दिवसीय चिंतन शिविर का समापन हुआ। शिविर के दूसरे दिन मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मंत्रिमंडल के सदस्यों के साथ योगाभ्यास कर दिन की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर और शांत मन प्रभावी सुशासन तथा बेहतर निर्णय लेने की क्षमता की मजबूत नींव होते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक रूप से सशक्त बनाता है। भारत की प्राचीन योग परंपरा आज पूरी दुनिया को संतुलित और स्वस्थ जीवन का मार्ग दिखा रही है। उन्होंने कहा कि शासन से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णय लेने वालों का मानसिक रूप से एकाग्र और शारीरिक रूप से स्वस्थ रहना आवश्यक है।

उन्होंने बताया कि इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए चिंतन शिविर की शुरुआत योग सत्र से की गई, ताकि राज्य के विकास और प्रशासनिक विषयों पर सकारात्मक ऊर्जा तथा स्पष्ट सोच के साथ विचार-विमर्श किया जा सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि सामूहिक योगाभ्यास अनुशासन, सकारात्मक सोच और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने का प्रभावी माध्यम है।

योग सत्र में उपमुख्यमंत्री अरुण साव सहित मंत्रिमंडल के कई सदस्य मौजूद रहे। इनमें वन मंत्री केदार कश्यप, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, खाद्य मंत्री दयालदास बघेल, उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल तथा स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने भी भाग लिया।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com