बलौदाबाजार में चाकूबाजी की दो बड़ी वारदातें! डांस प्रतियोगिता और दुर्गा विसर्जन के दौरान खूनी झड़प, सरपंच का भाई फरार

बलौदाबाजार ।छत्तीसगढ़ में पिछले कुछ समय से आपराधिक घटनाओं में वृद्धि देखने को मिल रही है। अपराधी बेखौफ होकर गंभीर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।
इसी क्रम में, बलौदाबाजार जिले से चाकूबाजी की दो अलग-अलग बड़ी खबरें सामने आई हैं, जिसके बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया है।
पहली घटना कसडोल थाना क्षेत्र के देवरीकला गांव की है।यहां एक डांस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था, जिसके बीच सरपंच के भाई ने दो युवकों पर चाकू से हमला कर दिया।इस हमले में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद तुरंत बलौदाबाजार रेफर कर दिया गया है।वारदात को अंजाम देने के बाद सरपंच का आरोपी भाई फरार हो गया है। कसडोल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश में जुट गई है। इस घटना के चलते देवरीकला गांव में तनाव का माहौल है।
दूसरी घटना बलौदाबाजार जिले के कोसमसरा में सेमरिया गांव की है। यहां दुर्गा विसर्जन के दौरान मामूली बात पर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि एक युवक ने लोगों पर चाकू से हमला कर दिया।
चाकूबाजी की इस घटना में 4 लोग घायल हुए हैं। घायलों में से एक युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है।जिले में लगातार हुई इन दो घटनाओं ने कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस दोनों मामलों में आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।











