वीरभद्र जिन्होंने काट दिया था प्रजापति दक्ष का सिर, जानें कैसे हुई थी उनकी उत्पत्ति

हिंदू धर्म शास्त्रों और शिव पुराण में महादेव के रौद्र रूपों के बारे में विस्तार से बताया गया है. महादेव के रौद्र रूपों में काल भैरव देव और वीरभद्र का रूप प्रमुख माना गया है. भगवान शिव के रौद्र रूप वीरभद्र की उत्पत्ति की कथा सबसे शक्तिशाली प्रसंगों में से एक है. भगवान शिव के इस रूप की उत्पत्ति प्रजापति दक्ष के यक्ष के दौरान उस समय हुई थी, जब माता सती के प्राण त्यागने के बाद महादेव क्रोधित हुए थे.

प्रजापति दक्ष ब्रह्मा जी के मानस पुत्र थे. वो माता सती के पिता थे. पौराणिक कथा के अनुसार, एक बार प्रजापति दक्ष ने एक विशाल यज्ञ आयोजित किया. इस यज्ञ में उन्होंने समस्त देवी-देवताओं को आमंत्रित किया, लेकिन भगवान शिव और सती को नहीं बुलाया, लेकिन माता सती ने अपने पिता के यहां जाने की जिद की. महादेव ने उनको समझाया, लेकिन माता नहीं मानी और बिना बुलाए ही पिता के यहां पहुंच गई.

सती ने किया आत्मदाह

यज्ञ में पहुंची माता सती के सामने प्रजापति दक्ष ने भगवान शिव का खूब अपमान किया. माता सती अपने पति का अपमान सह न सकीं और उसी यज्ञकुंड में कुदकर अपने प्राण त्याग दिए. जब महादेव को सती के आत्मदाह करने की सूचना मिली तो वो क्रोध से भर उठे. शिव ने अपनी एक बिजली और आग की लपट जैसी चमकती हुई जटा को उखाड़कर पृथ्वी पर पटक दिया.

जैसे ही उनकी जटा पृथ्वी पर गिरी उसके दो भाग हो गए. शिव पुराण के मुताबिक, मुख्य भाग से एक अत्यंत विशाल, हजार भुजाओं वाले, त्रिशूल-तलवार से सुसज्जित और साक्षात काल के समान भयंकर योद्धा प्रकट हुए. इनको ही भगवान शिव का वीरभद्र रूप कहा गया. वीरभद्र शिव के गुणों के अधपति भी बनें. वहीं जटा के दूसरे हिस्से से साक्षात महाविनाश और संरक्षक की देवी भद्राकाली प्रकट हुईं.

वीरभद्र ने काटा था दक्ष का सिर

भगवान शिव ने वीरभद्र और भद्राकाली को आदेश दिया कि वे तुरंत जाकर दक्ष के यज्ञ का नाश कर दें. फिर दोनों महाशक्तियों ने शिवगणों की सेना के साथ दक्ष के यज्ञ मंडप पर आक्रामण कर दिया. वीरभद्र ने भगवान विष्णु के सुदर्शन चक्र के वेग को भी रोक दिया. आखिर में प्रजापति दक्ष का सिर काटकर यज्ञ कुंड में डाल दिया. फिर ब्रह्मा जी की प्रार्थना पर शिव ने दक्ष को बकरे का सिर लगाकर जीवन दान दिया.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com