टेस्ट क्रिकेट में होगी विराट कोहली-रोहित शर्मा की टक्कर? IPL 2026 के बीच सामने आया क्रांतिकारी आइडिया


विराट कोहली और टेस्ट क्रिकेट. एक ऐसी कहानी, जिसने पिछले करीब 13-14 साल में भारत समेत दुनियाभर के क्रिकेट प्रेमियों का खूब मनोरंजन किया. मगर एक ऐसी कहानी, जिसका अंत आज भी ज्यादातर फैंस को अधूरा लगता है. विराट कोहली टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं, जबकि उनके फैंस अभी भी यही ख्वाहिश करते हैं कि वो फिर सफेद जर्सी में लाल बॉल को निशाना बनाएं. इंटरनेशनल क्रिकेट में तो ऐसा होने की उम्मीद नहीं है लेकिन कोहली फिर से इस फॉर्मेट में जलवा दिखा सकते हैं, वो भी रोहित शर्मा जैसे स्टार के खिलाफ, जो खुद इस फॉर्मेट से संन्यास ले चुके हैं?
IPL टीमों के बीच टेस्ट मैच
चौंक गए ना? हैरान होना स्वाभाविक भी है क्योंकि ये फिलहाल सच नहीं है लेकिन सच हो सकता है, बस जरूरत है एक क्रांतिकारी आइडिया के हकीकत में बदलने की. ये आइडिया भी उसी शख्स के दिमाग की उपज है, जिसने क्रिकेट को IPL जैसी लीग देकर इस खेल को बदल दिया. ये हैं ललित मोदी, जिन्होंने टेस्ट क्रिकेट को फिर से लोकप्रिय बनाने के लिए IPL वाली तरकीब सुझाई है. उन्होंने एक ऐसा आइडिया दिया है, जिसको लेकर खुद मोदी भी थोड़ा डरे हुए नजर आए.
ओवरलैप यूट्यूब चैनल पर दिए एक इंटरव्यू में ललित मोदी ने IPL टीमों के बीच ही टेस्ट मैच के आयोजन की बात की. मगर ये आयोजन कोई IPL जैसी लीग की तरह नहीं बल्कि उससे अलग है. इंटरव्यू में टेस्ट क्रिकेट की घटती लोकप्रियता का जिक्र करते हुए ललित मोदी ने कहा कि ये मुख्य रूप से इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया में ही अच्छे से एक्सपीरिएंस किया जा रहा है, जबकि बाकी देशों में स्थिति अच्छी नहीं है. ऐसे में नई पीढ़ी के बीच टेस्ट फॉर्मेट को फिर से पॉपुलर बनाने के लिए ललित मोदी ने IPL टीमों के बीच इस फॉर्मेट के मुकाबलों का सुझाव दिया है.
क्या है ललित मोदी का आइडिया?
ललित मोदी ने कहा कि वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप और देशों के बीच होने वाली टेस्ट सीरीज हमेशा जारी रहनी चाहिए लेकिन IPL टीमों के बीच प्रदर्शनी टेस्ट मैच होने चाहिए. उन्होंने कहा, “IPL टीमों को टेस्ट टीम खरीदने दो. आपके पास युवा (फैंस) हैं, जो एक लॉयल्टी (टीम के लिए) लेकर आते हैं. मैं चाहता हूं कि वो टीम के रूप में टेस्ट क्रिकेट खेलें. आप देशों के बीच टेस्ट मैच और WTC खेलते रहें. मगर ये (टेस्ट क्रिकेट) कहीं खो न जाए, आप प्रदर्शनी मैचों से शुरुआत करो. कम से कम सभी (IPL) टीमों के बीच सीजन (टेस्ट सीजन) शुरू होने से पहले एक-एक मैच खेलो, ताकि युवा फैंस इस फॉर्मेट को फिर से देखें.”
क्या सच में टेस्ट खेलते दिखेंगे रोहित-विराट?
हालांकि, ये सिर्फ ललित मोदी का आइडिया है और इसके जमीन पर उतरने की संभावना लगभग नहीं है. मगर IPL जैसी लीग का आइडिया भी मोदी का ही था और उन्होंने इसके शुरू होने से करीब 10 साल पहले ODI फॉर्मेट में इसे करने का प्लान बनाया था. ऐसे में क्या पता आने वाले सालों में ऐसा हो जाए. फिर भी अगर आने वाले एक-दो सालों में इस तरह की स्थिति बनती है तो क्या पता विराट और रोहित एक बार फिर टेस्ट क्रिकेट खेलते दिख जाएं, वो भी एक-दूसरे के खिलाफ.











