हरियाणा बोर्ड 10वीं-12वीं का रिजल्ट कब होगा जारी? 2 अप्रैल से शुरू होगी कॉपियों की जांच

इस साल हरियाणा बोर्ड 10वीं और 12वीं की परीक्षा दिए लाखों छात्रों को अब रिजल्ट का इंतजार है. हरियाणा बोर्ड ऑफ स्कूल एजुकेशन (HBSE) ने कक्षा 10वीं और 12वीं के परिणाम घोषित करने की तैयारियां शुरू कर दी हैं. उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन 2 अप्रैल से शुरू होने वाला है. कुछ दिनों तक कॉपियों की जांच की जाएगी और उसके बाद रिजल्ट जारी कर दिया जाएगा. इस साल हरियाणा बोर्ड की परीक्षाएं 25 फरवरी से शुरू हुईं थीं, जिनमें से कक्षा 12वीं की परीक्षाएं 1 मार्च को और कक्षा 10वीं की परीक्षाएं 20 मार्च को खत्म हुईं थीं
हरियाणा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार ने कहा, ‘माध्यमिक (शैक्षणिक/ओपन स्कूल) उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन 2 अप्रैल से शुरू होगा और 22 जिलों के 75 मूल्यांकन केंद्रों पर यह आयोजित किया जाएगा’. उन्होंने आगे बताया कि कक्षा 10वीं के मूल्यांकन के लिए लगभग 6,969 शिक्षकों की नियुक्ति की गई है और मूल्यांकन का काम 24 अप्रैल तक जारी रहेगा
रोजाना 30 कॉपियों की होगी जांच
डॉ. पवन कुमार ने मूल्यांकन के दौरान हरियाणा बोर्ड ऑफ स्कूल एजुकेशन की कड़ी निगरानी पर भी जोर दिया और कहा कि ‘पहले दिन एक परीक्षक 15 उत्तर पुस्तिकाओं की जांच करेगा, उसके बाद प्रतिदिन 30 कॉपियों की जांच की जाएगी. इसके अलावा मूल्यांकित कॉपियों में से 10 प्रतिशत कॉपियों की समीक्षा मुख्य परीक्षक द्वारा की जाएगी’.











