प्रेमी संग भागी पत्नी, फिर पति ने जहर खाकर दी जान — सरगुजा में दर्दनाक घटना

छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले से एक दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां 55 वर्षीय व्यक्ति ने अपनी पत्नी के प्रेमी संग भाग जाने के बाद जहर खाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि मृतक की पत्नी का करीब डेढ़ साल से एक युवक के साथ प्रेम संबंध था। यह घटना गांधीनगर थाना क्षेत्र के डिगमा गांव की है।
जानकारी के अनुसार, कृष्णा दास (55) की पत्नी अनिता दास (35) 29 अक्टूबर को अपने प्रेमी मोनू के साथ घर से भाग गई थी। अगले दिन जब वह नहीं लौटी, तो कृष्णा दास ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई पता नहीं चला। बताया जाता है कि 30 अक्टूबर की शाम वह शराब के नशे में घर लौटा और जहर खा लिया। इसके बाद उसने अपने बेटे उत्तम दास से कहा कि “जीने का मन नहीं रहा, मैंने जहर खा लिया है।”
थोड़ी देर बाद वह बेहोश होकर आंगन में गिर गया। परिजनों ने तुरंत उसे मिशन हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर परिजनों को सौंप दिया है।
पहली पत्नी की मौत के बाद की थी दूसरी शादी
परिजनों के अनुसार, कृष्णा दास की पहली पत्नी सीता दास की करीब 18 साल पहले मौत हो गई थी। इसके बाद उसने बलरामपुर निवासी अनिता दास से दूसरी शादी की थी। दोनों के एक बेटा और एक बेटी हैं।
डेढ़ साल से चल रहा था प्रेम प्रसंग
परिवार वालों का कहना है कि अनिता दास का प्रेम संबंध गांव के ही डेयरी में काम करने वाले मोनू नामक युवक से चल रहा था। मोनू ने अनिता को बात करने के लिए मोबाइल फोन भी दिया था। जब घरवालों को इस बारे में पता चला, तो घर में कई बार विवाद हुआ और यहां तक कि गांव में बैठक बुलाकर समझाइश भी दी गई, लेकिन अनिता पर इसका कोई असर नहीं हुआ।
29 अक्टूबर की शाम वह अपने प्रेमी मोनू के साथ भाग गई और तब से दोनों लापता हैं। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। परिजनों का कहना है कि पत्नी के चले जाने से दुखी होकर ही कृष्णा दास ने यह कदम उठाया।
यह घटना पूरे गांव में चर्चा का विषय बन गई है। ग्रामीणों ने बताया कि कृष्णा दास स्वभाव से शांत और मेहनती व्यक्ति था, लेकिन पत्नी के इस कदम ने उसे अंदर तक तोड़ दिया था।











