क्या 200 डॉलर तक जाएगा कच्चा तेल? ईरान ने कहा- तैयार रहे दुनिया!

मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध के बीच ईरान ने चेतावनी दी है कि दुनिया को तेल के 200 डॉलर प्रति बैरल के लिए तैयार रहना चाहिए. इस बयान के बाद कच्चे तेल की सप्लाई को लेकर वैश्विक चिंता और बढ़ गई है. हालांकि तेल की कीमतों को काबू में रखने के लिए इंटरनेशनल एनर्जी एजेंसी ने बड़ा कदम सुझाया है. 32 देशों के इस संगठन ने 400 मिलियन बैरल तेल अपने रणनीतिक भंडार से जारी करने की योजना बनाई है. इसके तहत अमेरिका भी अपने स्ट्रैटेजिक पेट्रोलियम रिजर्व से करीब 172 मिलियन बैरल तेल बाजार में उतारेगा.

ईरानी अधिकारियों ने साफ कहा है कि उनका इरादा लंबे समय तक दुनिया को आर्थिक झटका देने का है. ईरान के सैन्य कमान के प्रवक्ता इब्राहिम जोल्फाकारी ने अमेरिका को चेतावनी देते हुए कहा कि तेल की कीमत क्षेत्रीय सुरक्षा पर निर्भर करती है और मौजूदा हालात को अस्थिर बना दिया गया है. इसलिए दुनिया को 200 डॉलर प्रति बैरल तेल के लिए तैयार रहना चाहिए.

खाड़ी में जहाजों पर हमले

समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक, लगभग दो हफ्ते पहले 28 फरवरी 2026 को अमेरिका और इजरायल के संयुक्त हवाई हमलों के बाद यह युद्ध शुरू हुआ था. अब तक इसमें करीब 2,000 लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें ज्यादातर ईरान और लेबनान के नागरिक हैं. इस युद्ध का असर वैश्विक ऊर्जा बाजार और समुद्री परिवहन पर भी पड़ा है. बुधवार को खाड़ी के पानी में तीन जहाजों पर हमले की खबर सामने आई. ईरान के इस्लामिक रेवुलेशनरी गार्ड ने दावा किया कि उनकी सेना ने उन जहाजों पर गोलीबारी की जिन्होंने उनके आदेशों का पालन नहीं किया था. ईरान ने यह भी कहा है कि जब तक अमेरिका और इजरायल के हमले बंद नहीं होते, तब तक खाड़ी से तेल की शिपमेंट रोकी जा सकती है. ईरान का दावा है कि उसने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पर नियंत्रण कर लिया है और इस समुद्री रास्ते में माइंस बिछाना शुरू कर दिया है.

तेल की कीमतों में फिर तेजी

इस सप्ताह की शुरुआत में कच्चे तेल की कीमत करीब 120 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गई थी. बाद में यह गिरकर लगभग 90 डॉलर तक आ गई, लेकिन अब फिर से बढ़कर 100 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गई है. इसी बीच G7 देशों अमेरिका, कनाडा, जापान, इटली, ब्रिटेन, जर्मनी और फ्रांस ने इस बात पर विचार करने का फैसला किया है कि खाड़ी में चलने वाले जहाजों को सैन्य सुरक्षा (एस्कॉर्ट) दी जाए, ताकि वे सुरक्षित तरीके से समुद्री रास्ते से गुजर सकें.

close