दुर्ग में कारोबारी की कार का शीशा तोड़ 4.90 लाख की चोरी, CCTV में संदिग्ध बाइक सवार कैद

दुर्ग में दिनदहाड़े एक कारोबारी की कार का शीशा तोड़कर 4.90 लाख रुपए चोरी करने का मामला सामने आया है। बदमाश कुछ ही मिनटों में वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में पुलिस को आशंका है कि आरोपी कारोबारी का घर से ही पीछा कर रहा था। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में एक संदिग्ध बाइक सवार भी दिखाई दिया है, जिसकी तलाश की जा रही है। मामला पुलगांव थाना क्षेत्र का है।

पुलिस के अनुसार, मुक्त नगर निवासी प्रमोद महेश्वरी की कोडहा में ‘देव एग्रो इंडस्ट्रीज’ नाम से फैक्ट्री है। मंगलवार सुबह वह 4.90 लाख रुपए लेकर अपनी स्विफ्ट कार से घर से निकले थे। नकदी एक काले रंग के बैग में रखी थी, जिस पर ‘जयश्री साल्वेंट्स’ लिखा हुआ था। यह राशि उन्हें एक पार्टी को भुगतान के लिए पहुंचानी थी।

सुबह करीब 9 बजे उन्होंने पोटिया रोड स्थित उत्सव शोरूम के सामने कार पार्क कर लॉक कर दी और दूसरी बाइक से दुर्ग के नया पारा स्थित एक परिचित की दुकान चले गए। वहां से इंदिरा मार्केट में चाय पीने के बाद जब लौटने वाले थे, तभी उत्सव शोरूम के संचालक का फोन आया। उन्होंने बताया कि कार का बाईं ओर का अगला शीशा टूटा हुआ है।

मौके पर पहुंचने पर प्रमोद महेश्वरी ने देखा कि कार में रखा नकदी से भरा बैग गायब था। सूचना मिलते ही पुलगांव थाना पुलिस घटनास्थल पहुंची और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू किए। जांच के दौरान एक संदिग्ध बाइक सवार कैमरे में नजर आया है, जिसकी पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

पुलिस का मानना है कि आरोपियों को कारोबारी के पास बड़ी रकम होने की पहले से जानकारी थी। इसी आधार पर आशंका जताई जा रही है कि बदमाशों ने घर से ही उनका पीछा किया और सुनसान मौका मिलते ही कार का शीशा तोड़कर नकदी से भरा बैग लेकर फरार हो गए। पुलिस विभिन्न पहलुओं से मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com