सीआरपीएफ कैंप के पास महिला से दुष्कर्म कर हत्या, आक्रोशित लोगों ने की सख्त कार्रवाई की मांग
मामला दंतेवाड़ा के कोतवाली थाना क्षेत्र के कुंदेली गांव का है. कुंदेली गांव स्थित सीआरपीएफ कैंप के पास जंगल से एक महिला का शव मिला है, जो नग्न अवस्था में था. महिला के साथ दरिंदगी करने के बाद उसकी निर्मम हत्या कर दी गई थी. महिला के शरीर पर कई जगह चोट और घसीटने के निशान भी मिले हैं, जो दरिंदगी की कहानी बयां कर रहे हैं.

दंतेवाड़ा: छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले से एक शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है. देवी सती के 52 शक्ति पीठों में से एक माता दंतेश्वरी की नगरी दंतेवाड़ा में एक महिला के साथ दुष्कर्म कर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई है. महिला का नग्न अवस्था में शव सीआरपीएफ कैंप के पास जंगल से बरामद हुआ है.
मामला दंतेवाड़ा के कोतवाली थाना क्षेत्र के कुंदेली गांव का है. कुंदेली गांव स्थित सीआरपीएफ कैंप के पास जंगल से एक महिला का शव मिला है, जो नग्न अवस्था में था. महिला के साथ दरिंदगी करने के बाद उसकी निर्मम हत्या कर दी गई थी. महिला के शरीर पर कई जगह चोट और घसीटने के निशान भी मिले हैं, जो दरिंदगी की कहानी बयां कर रहे हैं.
जानकारी के अनुसार, महिला भांसी के मासापारा देवी मंदिर में नवरात्रि के दौरान पूजा-अर्चना कर रही थी. नवरात्रि समाप्त होने के बाद दशहरे पर वह अपने गांव कुंदेली लौट रही थी. इसी दौरान कुछ अज्ञात लोगों ने उसे रास्ते से अगवा कर लिया और जंगल में ले जाकर उसके साथ दरिंदगी की. दरिंदगी के बाद उसे बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया गया.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई. घटनास्थल से महिला का मोबाइल भी मिला है, जो फ्लाइट मोड पर था. अनुमान लगाया जा रहा है कि आरोपियों ने महिला का लोकेशन ट्रेस न हो सके, इसलिए मोबाइल को फ्लाइट मोड पर कर दिया था. पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है.
इस घटना से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है. उनकी मांग है कि आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए. राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों ने भी इस जघन्य अपराध की निंदा करते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है.
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई) के जिला सचिव और जिला पंचायत सदस्य जितेंद्र सोरी ने चेतावनी दी है कि यदि एक सप्ताह के भीतर दोषी आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया, तो उग्र आंदोलन किया जाएगा.
`