रायपुर में क्रांति सेना के कार्यकर्ता-पदाधिकारी हाउस अरेस्ट:इनमें अमित बघेल भी शामिल, दुकानें बंद करवाने निकले थे; अपशब्द कहने वाला युवक गिरफ्तार

रायपुर में छत्तीसगढ़ महतारी की मूर्ति तोड़फोड़ के विरोध में जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी ने आज बंद का ऐलान किया है। इस बीच रायपुर में क्रांति सेना के कई कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को चंद्राकर हॉस्टल, महादेव घाट रोड में हाउस अरेस्ट किया गया है।

पुलिस ने हॉस्टल के दरवाजे पर ताला लगा दिया है। हॉस्टल के अंदर अमित बघेल सहित सभी पदाधिकारी मौजूद हैं और कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे हैं। बता दें कि इस बंद को चेंबर ऑफ कॉमर्स ने समर्थन नहीं दिया है, इसलिए सभी दुकानें खुली हैं। हालांकि ऐहतियातन रायपुर समेत कई जिलों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।

बता दें कि, छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के अध्यक्ष अमित बघेल द्वारा महाराजा अग्रसेन और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के खिलाफ अपशब्द कहे जाने पर प्रदेशभर में विरोध जारी है। इस मामले में उनके खिलाफ FIR दर्ज की गई है।

इसी घटनाक्रम के बाद सतनामी समाज के गुरु को अपशब्द कहने वाले सिंधी समाज के एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मंत्री ओपी चौधरी के निर्देश पर कार्रवाई हुई है। रायगढ़ जिले में युवक का वीडियो वायरल होने के बाद सतनामी समाज ने विरोध प्रदर्शन किया। इसके बाद युवक के खिलाफ FIR दर्ज की गई थी, सिंधी समाज ने भी उसे समाज से बहिष्कृत कर दिया है।

जानिए विवाद की शुरुआत कैसे हुई

1 नवंबर को छत्तीसगढ़ स्थापना के 25 साल पूरे हो जाएंगे। इससे पहले 26 अक्टूबर को एक मानसिक रूप से बीमार युवक ने VIP चौक पर लगे छत्तीसगढ़ महतारी की मूर्ति को तोड़ दिया। जिसके बाद छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना ने इसका विरोध किया।

अगले दिन जब विरोध प्रदर्शन चल रहा था तब छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के अध्यक्ष अमित बघेल ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय, श्यामा प्रसाद मुखर्जी, अग्रसेन महाराज की मूर्ति क्यों नहीं टूटती है। इनकी मूर्ति पर पेशाब क्यों नहीं करते हैं। कौन है अग्रसेन महराज। चोर है या झूठा है। पाकिस्तानी सिंधी क्या जानते हैं। मछली वाले भगवान के बारे में। उन्होंने हमारी छत्तीसगढ़ी महतारी के गर्दन को काटकर अपमान किया है।

इस आपत्तिजनक टिप्पणी के खिलाफ प्रदेशभर में अग्रवाल समाज और सिंधी समाज भड़क उठा। रायपुर, रायगढ़ और सरगुजा समेत कई जिलों में समाज के लोगों ने विरोध जताते हुए FIR दर्ज करने की मांग की। इसके बाद कई जिलों में बघेल के खिलाफ मामला दर्ज हुआ।

छत्तीसगढ़ की अस्मिता पर चोट नहीं सहेंगे- जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी

छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा को नुकसान पहुंचाने की घटना के विरोध में पार्टी का कहना है कि यह केवल तोड़फोड़ की घटना नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की आस्था और अस्मिता पर हमला है। उन्होंने सभी व्यापारियों, सामाजिक संगठनों, कर्मचारी यूनियनों और राजनीतिक दलों से अपील की है कि वे रायपुर बंद में शामिल होकर एकजुटता दिखाएं।

जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी ने स्पष्ट किया है कि बंद शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से किया जाएगा, ताकि जनता की आवाज राज्य और केंद्र सरकार तक पहुंच सके।

सिंधी समाज के युवक ने सतनामी समाज के गुरू को गाली दी

अग्रसेन महाराज और सिंधि समाज पर अमित बघेल के टिप्पणी के बाद रायगढ़ जिले में 29 अक्टूबर की रात चक्रधर नगर के सिंधी कॉलोनी में रहने वाले विजय राजपूत ने शराब के नशे में बाबा गुरु घासीदास के बारे में आपत्तिजनक बातें कहीं। उसने सिग्नल चौक पर नशे में कई अभद्र टिप्पणियां भी की और उसका वीडियो भी बनवाया।

जब यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, तो सतनामी समाज के लोगों ने इसे देखकर नाराजगी जताई और पुलिस अधीक्षक (SP) से शिकायत करते हुए कार्रवाई की मांग की। जिसके बाद युवक के खिलाफ पुलिस ने FIR दर्ज कर ली है।

वहीं, सिंधी समाज ने भी आरोपी युवक ​का समाज से बहिष्कार कर दिया है। उन्होंने कहा है, उनके समाज से आरोपी का कोई वास्ता नहीं है। यह पूरा मामला चक्रधर नगर थाना क्षेत्र का है।

पुलिस ने सतनामी समाज के अजय कुमार भारद्वाज की रिपोर्ट पर आरोपी विजय राजपूत के खिलाफ मामला दर्ज किया है। उस पर धारा 296, 299, 302, 352, 3(5) BNS और SC/ST एक्ट की धारा 3(2)(क) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

अनुचित बयान देने वालों पर कार्रवाई हो- अग्रवाल समाज

छत्तीसगढ़ी अग्रवाल समाज के केंद्रीय अध्यक्ष और भाजपा नेता अनुराग अग्रवाल ने कहा कि आज छत्तीसगढ़ को बने 25 साल हो गए हैं। उत्सव के समय ऐसे में बंद उचित नहीं है। बंद नहीं होना चाहिए।

पर एक व्यक्ति ने छत्तीसगढ़ के महापुरुष बाबा घासीदास के बारे में जो अनुचित बयान दिया है ऐसे व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। छत्तीसगढ़ के शांत वातावरण को अशांत करने वाले किसी भी व्यक्ति को सहन नहीं किया जाएगा।