सरगुजा संभाग में तीन दिन भारी बारिश के आसार, यलो अलर्ट जारी; कम वर्षा से खेती का काम प्रभावित

सरगुजा संभाग में मौसम विभाग ने आगामी तीन दिनों के लिए बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। रविवार के बाद सोमवार को भी अधिकांश क्षेत्रों में अच्छी बारिश होने की संभावना जताई गई है। हालांकि उत्तर छत्तीसगढ़ में मानसून की दस्तक के बावजूद अब तक औसत से काफी कम वर्षा दर्ज की गई है, जिससे खेती-किसानी का काम प्रभावित हो रहा है।

संभाग के मैनपाट, सीतापुर, लखनपुर और उदयपुर क्षेत्रों में पिछले 24 घंटों के दौरान अच्छी बारिश रिकॉर्ड की गई है। वहीं अंबिकापुर में इस अवधि में केवल 12.3 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है।

कम बारिश के कारण किसानों को अब भी पर्याप्त वर्षा का इंतजार है। अधिकांश क्षेत्रों में खेतों की तैयारी का कार्य अधूरा है, जबकि जिन स्थानों पर खेत तैयार हो चुके हैं, वहां भी धान की रोपाई शुरू नहीं हो सकी है। मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना जताई है, जिससे कृषि कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है।

मौसम विभाग के अनुसार बारिश बढ़ने के साथ तापमान में भी गिरावट आने की संभावना है, जिससे उमस भरी गर्मी से राहत मिल सकती है। रविवार को अंबिकापुर का अधिकतम तापमान 32.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि दक्षिण और मध्य छत्तीसगढ़ में मानसून सक्रिय है तथा इसके आगे बढ़ने के साथ सरगुजा संभाग में भी वर्षा की गतिविधियां तेज होने की संभावना है। इसी को देखते हुए अगले तीन दिनों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com