गागर नदी में नहाने गया युवक लापता, दूसरे दिन भी जारी सर्च ऑपरेशन

बलरामपुर। जिले के राजपुर थाना क्षेत्र स्थित गागर नदी में नहाने गए एक युवक के डूबने का मामला सामने आया है। गर्मी से राहत पाने अपने दोस्तों के साथ नदी पहुंचे युवक का नहाते समय संतुलन बिगड़ गया और वह गहरे पानी में समा गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
नहाते समय गहरे पानी में चला गया युवक
जानकारी के अनुसार, शनिवार को कुछ युवक गागर नदी में नहाने पहुंचे थे। इसी दौरान एक युवक अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसके साथ मौजूद दोस्तों ने उसे बचाने की भरसक कोशिश की, लेकिन वह देखते ही देखते पानी में लापता हो गया।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही राजपुर थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। युवक की तलाश के लिए तत्काल गोताखोरों और एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया। नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया, लेकिन देर शाम तक युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका।
अंधेरा होने पर रोका गया अभियान
शनिवार देर शाम तक लगातार खोजबीन की गई, लेकिन सफलता नहीं मिलने पर अंधेरा होने के कारण सर्च ऑपरेशन रोकना पड़ा। प्रशासन ने रविवार सुबह फिर से अभियान शुरू करने का निर्णय लिया।
दूसरे दिन भी जारी है तलाश
रविवार सुबह एक बार फिर गोताखोरों और राहत-बचाव दल की टीम नदी में युवक की तलाश में जुट गई है। मौके पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार निगरानी बनाए हुए हैं। वहीं युवक के परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण भी नदी किनारे मौजूद हैं और किसी अच्छी खबर का इंतजार कर रहे हैं।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com