शिवपुरी में युवक ने इंस्टाग्राम लाइव के दौरान की आत्महत्या, कारणों की जांच जारी

मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में एक युवक द्वारा इंस्टाग्राम लाइव के दौरान आत्महत्या करने का मामला सामने आया है, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। 22 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, युवक लाइव वीडियो के दौरान अपने कमरे में मौजूद था। उसने आत्महत्या से पहले अपने दोस्तों को हाथ हिलाकर विदा किया और फ्लाइंग किस भी दी। घटना के समय कमरे में संगीत चल रहा था।
बताया जा रहा है कि युवक परिवार से अलग किराए के कमरे में रह रहा था और काम के साथ-साथ कपड़ों का छोटा व्यवसाय भी करता था। घटना के समय उसके कई दोस्त सोशल मीडिया पर लाइव वीडियो देख रहे थे। जब उन्हें स्थिति का अंदाजा हुआ तो वे मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक युवक की मौत हो चुकी थी।
पुलिस के अनुसार, मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। युवक का मोबाइल जब्त कर लिया गया है और उसकी जांच की जा रही है, जिससे आत्महत्या के कारणों का पता लगाया जा सके। प्रारंभिक तौर पर पारिवारिक और व्यक्तिगत कारणों को भी जांच में शामिल किया गया है।
पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है और परिजनों व परिचितों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।









