जगदलपुर में ट्रैक्टर-बाइक की भीषण टक्कर, युवक की मौत; हादसे में बाइक क्षतिग्रस्त

जगदलपुर में तोकापाल पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर और बाइक के बीच टक्कर हो गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि, बाइक के परखच्चे उड़ गए और वह दो टुकड़ों में बंट गई। हादसे में बाइक ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई। मामला परपा थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, बाइक सवार युवक तोकापाल की ओर से जगदलपुर की तरफ आ रहा था। इसी दौरान पीछे से रफ्तार में आ रहे एक ट्रैक्टर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोर की थी कि बाइक सड़क पर घिसटते हुए दूर जा गिरी और उसका अगला पहिया अलग होकर कई फीट दूर जा फेंका गया।

दो हिस्सों में बंटी बाइक

वहीं, बाइक का मुख्य हिस्सा दो भागों में टूट गया। बाइक चालक उछलकर काफी दूर जा गिरा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। परपा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए डिमरापाल मेडिकल कॉलेज भेजा।

जांच में जुटी पुलिस

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान की जा रही है। युवक के पास से कोई ऐसा दस्तावेज नहीं मिला है जिससे उसकी तत्काल पहचान हो सके। पुलिस आसपास के थाना क्षेत्रों में जानकारी भेजकर मृतक की शिनाख्त करने का प्रयास कर रही है। वहीं ट्रैक्टर चालक और वाहन के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस ने केस दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com