दंतेवाड़ा-नारायणपुर सीमा पर तेंदुए की खाल के साथ 3 गिरफ्तार, दो बाइक से ले जा रहे थे तस्करी के लिए

दंतेवाड़ा और नारायणपुर जिले की सीमा से लगे धौड़ाई वन परिक्षेत्र में वन विभाग की टीम ने तेंदुए की खाल के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी दो बाइक से खाल लेकर जा रहे थे। गश्त के दौरान वन कर्मचारियों ने गायतापारा सड़क किनारे तीनों को संदिग्ध हालत में पकड़ा। पूछताछ के बाद तीनों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
184 सेंटीमीटर लंबी खाल बरामद
वन विभाग के मुताबिक, 8 अगस्त को कर्मचारी धौड़ाई वन परिक्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान गायतापारा सड़क किनारे दो बाइक पर तीन लोग दिखाई दिए। संदेह के आधार पर उनकी तलाशी ली गई तो तेंदुए की खाल बरामद हुई। विभाग ने खाल को जब्त कर लिया है।
जब्त खाल की लंबाई 184 सेंटीमीटर बताई गई है। सामने के दोनों पैरों के बीच की लंबाई 125 सेंटीमीटर, पिछले पैरों के बीच की लंबाई 118 सेंटीमीटर और पेट की चौड़ाई 55 सेंटीमीटर दर्ज की गई है।
दो बाइक जब्त, वन्यजीव संरक्षण अधिनियम में केस
कार्रवाई के दौरान वन विभाग ने दोनों बाइक भी जब्त की हैं। इनका इस्तेमाल तेंदुए की खाल ले जाने के लिए किया जा रहा था। पूछताछ में आरोपियों की पहचान सोनूराम कचलाम (39), पुनीत कुमार बघेल (32) और जमधर पोटाई (50) के रूप में हुई है। तीनों धौड़ाई क्षेत्र के तारागांव के रहने वाले बताए गए हैं।
तीनों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। वन विभाग मामले में आगे की जांच कर रहा है।










