अमरावती में 3 घंटे की मुसलधार बारिश; अस्पताल में घुसा पानी, अगले 5 दिनों तक बारिश की सम्भावना

अमरावती जिले में बुधवार को दोपहर 4 बजे के बाद में करीब 3 घंटे तक हुई मूसलाधार बारिश ने शहर और जिले में जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। एक ओर जहां इस बारिश से किसानों को बड़ी राहत मिली, वहीं दूसरी ओर शहर के कई हिस्सों में हुए जलभराव ने मनपा के मानसून-पूर्व तैयारियों के दावों की पोल खोल दी।
सबसे चिंताजनक स्थिति सरकारी इर्विन अस्पताल में देखने को मिली, जहाँ पानी घुसने से सीटी स्कैन और एक्स-रे विभाग प्रभावित हो गए। राजकमल चौक, शाम चौक, इर्विन परिसर, तटबंदी क्षेत्र, गोपाल नगर तथा अन्य कई रिहायशी इलाकों में भारी जलभराव हो गया। पुराने सूती बाजार की सब्जी मंडी, व्यावसायिक परिसरों और कई दुकानों के बेसमेंट में पानी भरने से व्यापारियों को नुकसान उठाना पड़ा। कृषि उपज मंडी परिसर में भी पानी जमा होने से कामकाज प्रभावित हुआ।
फसल के लिए उपयुक्त वर्षा
अमरावती जिले के चारों मंडलों में फसल के लिए उपयुक्त वर्षा हुई है। इसके चलते आगामी 1-2 दिनों में किसान अपने खेतों में बुआई कर सकते हैं। जिला कृषि अधीक्षक राहुल सातपुते ने बताया कि कपास के लिए अनुकूल वर्षा हुई है; वहीं सोयाबीन की बुआई भी अब किसान कर सकते हैं। संतरा उत्पादकों के लिए यह राहत भरी खबर है। वहीं मौसम विभाग के अनुसार आगामी 2 जुलाई तक तापमान बरकरार रह सकता है।
गोपाल नगर और राजापेठ अंडरपास बंद रहा
अमरावती शहर के गोपाल नगर और राजापेठ अंडरपास पूरी तरह जलमग्न हो गए। कई वाहन पानी में बंद पड़ गए और यातायात प्रभावित रहा। इस स्थिति ने नाला सफाई और जल निकासी व्यवस्था को लेकर प्रशासन की तैयारियों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। उधर दर्यापुर, अचलपुर, चांदूर बाजार, अंजनगांव सुर्जी और मेलघाट क्षेत्र के धारणी सहित जिले की सभी 14 तहसीलों में भी जोरदार बारिश दर्ज की गई। नदियां-नाले उफान पर आ गए, हालांकि देर शाम तक जिले में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं मिली। किसानों ने इस बारिश को खरीफ सीजन के लिए संजीवनी बताया है, जबकि शहरवासियों ने जल निकासी व्यवस्था में सुधार की मांग की है।
इर्विन अस्पताल में घुसा पानी
इर्विन अस्पताल के मुख्य प्रवेश द्वार, विभिन्न वार्डों और पुलिस चौकी परिसर में पानी भर जाने से मरीजों, उनके परिजनों और कर्मचारियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। अस्पताल के सीटी स्कैन और एक्स-रे विभाग में पानी घुसने से महंगी चिकित्सा मशीनों को नुकसान पहुँचने की आशंका जताई जा रही है, जिससे स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं।
जानिए आगामी 4 दिनों के लिए विदर्भ का मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 4 दिनों तक अमरावती जिले में मौसम खराब रहने की आशंका है। इस दौरान जिले में अलग-अलग स्थानों पर गरज-चमक और बिजली कड़कने के साथ भारी बारिश होने की संभावना है। साथ ही कुछ इलाकों में 40 से 50 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज आंधी-तूफान चलने का भी अनुमान है।
धारणी में जनजीवन प्रभावित
धारणी तहसील में मंगलवार शाम हुई तेज बारिश और आंधी ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। कई स्थानों पर पेड़ गिरने से धारणी-परतवाड़ा मार्ग करीब आठ घंटे तक बाधित रहा, जबकि बिजली के तार टूटने से शहर समेत आसपास के गांवों में विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। मूसलाधार बारिश और तेज हवाओं के कारण सड़कों पर पेड़ गिरने से यातायात प्रभावित हुआ। सूचना मिलते ही संबंधित विभाग की टीम मौके पर पहुँची और पेड़ों को हटाकर मार्ग को यातायात के लिए पुनः शुरू कराया।











