3200 करोड़ शराब घोटाला, 500 करोड़ कोल लेवी केस: रामगोपाल अग्रवाल की तलाश तेज, बेटे से पूछताछ

रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब और कोल लेवी घोटाले की जांच में आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में कांग्रेस के पूर्व कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल के बेटे वैभव अग्रवाल से लंबी पूछताछ की गई। सूत्रों के अनुसार, अधिकारियों ने पूछताछ के दौरान कई महत्वपूर्ण जानकारियां जुटाने का प्रयास किया।

तीन वर्षों की गतिविधियों और आर्थिक लेन-देन पर सवाल

सूत्रों के मुताबिक, EOW अधिकारियों ने वैभव अग्रवाल से रामगोपाल अग्रवाल के पिछले तीन वर्षों के ठिकानों, आर्थिक लेन-देन, व्यावसायिक गतिविधियों और कथित नेटवर्क से जुड़े कई सवाल पूछे। हालांकि, एजेंसी ने पूछताछ को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। अधिकारियों का कहना है कि जांच अभी जारी है और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

कई बड़े घोटालों में चल रही है जांच

रामगोपाल अग्रवाल का नाम कथित 3,200 करोड़ रुपये के शराब घोटाले, 500 करोड़ रुपये के कोल लेवी वसूली प्रकरण और 127 करोड़ रुपये के कस्टम मिलिंग प्रोत्साहन घोटाले की जांच में सामने आया है। इन मामलों में EOW के साथ-साथ अन्य जांच एजेंसियां भी वित्तीय लेन-देन और संबंधित दस्तावेजों की पड़ताल कर रही हैं।

देश और विदेश में तलाश, अब तक नहीं मिला सुराग

जांच एजेंसियों को पहले यह जानकारी मिली थी कि रामगोपाल अग्रवाल देश के विभिन्न राज्यों के अलावा दुबई में भी हो सकते हैं। हालांकि, अब तक उनका कोई ठोस सुराग नहीं मिल पाया है। एजेंसियां लगातार उनकी लोकेशन और नेटवर्क से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही हैं।

ईडी भी कर रही वित्तीय लेन-देन की जांच

वर्ष 2018 में कांग्रेस सरकार बनने के बाद रामगोपाल अग्रवाल को नागरिक आपूर्ति निगम का अध्यक्ष बनाया गया था। प्रवर्तन निदेशालय (ED) भी शराब घोटाले और कस्टम मिलिंग प्रोत्साहन राशि से जुड़े वित्तीय लेन-देन की अलग से जांच कर रहा है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com