महासमुंद में सड़क हादसे में शिक्षक और ममेरे भाई की मौत, एक घायल

छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक शिक्षक और उनके ममेरे भाई की मौत हो गई, जबकि एक किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा सरायपाली के परसदा नाला के पास राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-53) पर घने कोहरे के कारण हुआ।

जानकारी के मुताबिक, मृतक रायगढ़ निवासी शिक्षक जयराम नागवंशी (32) और जशपुर निवासी ओमप्रकाश नागवंशी (16) अपने रिश्तेदार के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए निकले थे। उनके साथ जयराम का छोटा भाई लिंगूराज नागवंशी (16) भी था। तीनों लोहंडीगुड़ा से रायगढ़ होते हुए घटगांव जा रहे थे।

सुबह करीब 5 से 6 बजे के बीच परसदा नाला के पास उनकी बाइक (CG 13 AY 6761) सामने से आ रहे एक अज्ञात वाहन की चपेट में आ गई। हादसे में जयराम और ओमप्रकाश की मौके पर ही मौत हो गई।

सूचना मिलते ही पुलिस और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। घायलों को सरायपाली के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से लिंगूराज की गंभीर हालत को देखते हुए उसे रायपुर रेफर किया गया।

पुलिस ने शवों का पोस्टमॉर्टम कर परिजनों को सौंप दिया है और अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि कोहरे की वजह से दृश्यता बेहद कम थी, जिससे यह दुर्घटना हुई।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close