राहुल गांधी के साथ जिलाध्यक्षों के नामों पर चर्चा पूरी:बैज और महंत आज होंगे दिल्ली रवाना, अगले 48 घंटे के अंदर जारी होगी सूची

छत्तीसगढ़ कांग्रेस में संगठनात्मक बदलाव का इंतजार अब खत्म होने वाला है। जिलाध्यक्षों की नई सूची अगले 48 घंटे में किसी भी वक्त जारी हो सकती है। रविवार देर रात दिल्ली में राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल की बैठक हुई। इस बैठक में जिलाध्यक्षों के नामों पर विस्तार से चर्चा की गई।
अब सोमवार को एआईसीसी की बैठक में इन नामों पर अंतिम मुहर लगनी तय मानी जा रही है। इस बैठक में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज और प्रदेश के प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट के साथ तीनों सह प्रभारियों एस.ए. सम्पत कुमार, जरिता लैतफलांग और विजय जांगिड़ भी मौजूद रहेंगे।
हर जिले के लिए 6-6 नामों का है पैनल
कांग्रेस ने ‘संगठन सूजन अभियान’ के दौरान 9 से 17 अक्टूबर तक प्रदेश के 41 जिलों में पर्यवेक्षक भेजे थे। हर जिले से छह नामों का पैनल तैयार कर एआईसीसी को भेजा गया था। इसके बाद वरिष्ठ नेताओं से चर्चा कर शॉर्टलिस्ट बनाई गई। राहुल गांधी के साथ हुई चर्चा के बाद अब नाम लगभग फाइनल हो चुके हैं। कांग्रेस बिहार चुनाव के बाद अब पूरी तरह संगठन को मजबूत करने में जुटी है, इसलिए छत्तीसगढ़ में यह फेरबदल अहम माना जा रहा है।
इन पदाधिकारियों को मिल सकती है कमान
बताया जा रहा है कि रायपुर शहर कांग्रेस की कमान सुबोध हरितवाल और रायपुर ग्रामीण की कमान प्रवीण साहू को मिल सकती है। वहीं दुर्ग ग्रामीण में राकेश ठाकुर, अंबिकापुर में बालकृष्ण पाठक और जगदलपुर में सुशील मौर्या को जिलाध्यक्ष बनाया जा सकता है।
बिलासपुर और धमतरी में नए चेहरों को मौका
वहीं बिलासपुर और धमतरी में नए चेहरे देखने को मिलेंगे। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में पंकज तिवारी और मनोज गुप्ता, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में अशोक श्रीवास्तव और के. डमरू रेड्डी, दुर्ग शहर कांग्रेस में आरएन वर्मा और धीरज बाकलीवाल, भिलाई जिला में मुकेश चंद्राकर और साकेत चंद्राकर जिलाध्यक्ष बनने की रेस में लगे हुए हैं।










