धमतरी: फिल्म स्पेशल-26 की तर्ज पर डॉक्टर के घर पड़ा IT का छापा, संदिग्धों की तलाश में जुटी पुलिस

धमतरी: फिल्म स्पेशल-26 आपको याद होगी, जिसमें एक फर्जी अफसर बनकर अक्षय कुमार और अनुपम खेर व्यापारियों के घर छापे मारते हैं. छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले से ऐसा ही एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां के जाने माने पैथोलोजिस्ट दिलीप राठौर के निवास में संदिग्ध घुस गए. इस दौरान उन्होंने खुद को आयकर विभाग का अधिकारी बताते हुए घर मे रखे जेवरात और पैसों को निकलवाया. बताया जा रहा है कि संदिग्ध लोग दो गाड़ियों में पहुंचे हुए थे.
मिली जानकारी के मुताबिक, सीजी 08 नंबर की दो कारों में सवार करीब सात लोग खुद को आयकर विभाग (आईटी) की टीम बताते हुए रतनाबांधा रोड स्थित एक प्रसिद्ध पैथोलॉजी लैब संचालक डॉक्टर के घर जा पहुँचे. घर पहुँचते ही उन लोगों ने बड़े आधिकारिक अंदाज़ में प्रवेश किया और परिवार के सभी सदस्यों से कहा हम आईटी टीम हैं. जांच के सिलसिले में आए हैं, किसी को फोन मत कीजिए. इसके बाद उन्होंने सभी के मोबाइल स्विच ऑफ कराए और घर में रखे गहनों, ज़मीन के कागज़ों व नकद रकम देखने की बात कही.
सवा घंटे तक जांच की, फिर चुपचाप चले गए
डॉक्टर परिवार ने भी डर और सम्मान के बीच सब कुछ दिखा दिया. करीब एक से सवा घंटे तक चली यह ‘जांच’ किसी असली छापे जैसी ही लग रही थी लेकिन अचानक वह सभी लोग बिना कुछ जब्त किए, बिना किसी कागज़ी कार्यवाही के चुपचाप बाहर निकल गए और अपनी दोनों गाड़ियों में सवार होकर रवाना हो गए. डॉक्टर को जब लोगों पर शक हुआ तो उसने पुलिस को घटना की जानकारी दी.
वहीं सूचना मिलने के बाद धमतरी एएसपी और सीएसपी भी मौके पर पहुँचे. मामले में जांच शुरू हो गई है, पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर लोगों की पतासाजी में जुट गई है. जांच के बाद पता चलेगा कि आने वाले लोग असली थे या फर्जी.











