सतनामी समाज पर विवादित टिप्पणी करने वाले कथावाचक आशुतोष को जमानत, कोर्ट परिसर में हंगामा

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में सतनामी समाज के खिलाफ विवादित टिप्पणी करने वाले कथावाचक आशुतोष चैतन्य को स्पेशल कोर्ट से जमानत मिल गई है। कोर्ट ने उन्हें सार्वजनिक जगहों पर ऐसी बयानबाजी से दूर रहने की हिदायत भी दी है। गिरफ्तारी के बाद कोर्ट परिसर में भारी हंगामा हुआ, जिसके बाद पुलिस ने उपद्रवियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

मामला तब उछला जब कथावाचक आशुतोष चैतन्य ने तखतपुर के टिकरी पारा में 10 नवंबर 2025 को चल रही श्रीमद् भागवत कथा के दौरान सतनामी समाज को मूर्ख और गाय काटने वाला समाज कह दिया। उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। बयान से नाराज़ सतनामी समाज के युवकों ने तखतपुर थाने का घेराव किया और कथावाचक की गिरफ्तारी की मांग की। बढ़ते विवाद के चलते पुलिस ने FIR दर्ज की।

15 नवंबर को कथा समाप्त होते ही पुलिस ने आशुतोष चैतन्य को कथा स्थल से गिरफ्तार कर लिया। पेशी के दौरान बड़ी संख्या में समाज के युवक जिला कोर्ट पहुंचे और नारेबाजी करते हुए हंगामा करने लगे। पुलिस ने स्थिति नियंत्रित करते हुए भीड़ को कोर्ट परिसर से हटाया। भीड़ की ओर से धक्का-मुक्की और गाली-गलौज के आरोप भी लगे हैं।

हिंदू संगठन से जुड़े धनंजय गोस्वामी ने सोशल मीडिया पोस्ट में आरोप लगाया कि कोर्ट परिसर में आए लोगों ने कथावाचक को अपशब्द कहे और मारपीट की कोशिश की। उन्होंने कहा कि इनमें से कुछ लोग बलौदाबाजार आगजनी कांड के आरोपी भी हैं, जो कोर्ट में माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहे थे।

पुलिस ने हंगामा करने वालों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है, हालांकि FIR में किसी को नामजद नहीं किया गया है। पुलिस का कहना है कि वीडियो के आधार पर आरोपी की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी। अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

कथावाचक के विवादित बयान से सतनामी समाज में भारी आक्रोश फैल गया था। जमानत मिलने के बावजूद मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस पूरे प्रकरण की निगरानी कर रही है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com