कोरबा में बाइक चोरी गैंग का भंडाफोड़: मास्टरमाइंड 10 साल से जंगल में छुपकर चला रहा था गैंग, लड़कियों को महंगे कपड़ों से करता था प्रभावित

छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में पुलिस ने एक बड़े बाइक चोरी गिरोह का पर्दाफाश किया है। दीपका थाना क्षेत्र में सक्रिय इस गैंग के 6 सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि पुलिस ने 14 चोरी की मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली हैं। गिरोह का मास्टरमाइंड जयसिंह पटेल पिछले 10 साल से जंगलों में छिपकर रह रहा था और चोरी से कमाए पैसों से अपनी ऐशो-आराम की जिंदगी चलाता था।

पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी महंगे कपड़े खरीदने के अलावा मोबाइल पर कई लड़कियों से बातचीत करता था। वह खुद को अमीर और खानदानी परिवार का बताकर लड़कियों को अपने जाल में फंसाता था। उसके फोन में दर्ज ज्यादातर संपर्क नंबर लड़कियों के ही मिले हैं। पुलिस ने जब उसे पकड़ा तो वह खदान के पास पेड़ों के बीच बनी झोपड़ी में रहता पाया गया।

मुख्य आरोपी जयसिंह पटेल (27) कोहड़िया का रहने वाला है। उसके साथ अनस खान, शिवचरण, रामप्रसाद, रोहिदास, लालजी यादव और इमरान अंसारी को हिरासत में लिया गया है। सभी को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस ने बताया कि जयसिंह के खिलाफ पहले से ही 10 आपराधिक मामले दर्ज हैं।

SECL दीपका खदान से रोलर चोरी के मामले की जांच के दौरान पुलिस को इस गिरोह के बारे में सुराग मिला। पूछताछ में जयसिंह ने स्वीकार किया कि वह कुसमुंडा, दीपका और सर्वमंगला क्षेत्र में कई बाइक चोरी की घटनाओं में शामिल रहा है। चोरी की गई बाइकें वह अन्य जिलों में बेच देता था, जबकि खरीदार उन्हें आगे अलग-अलग क्षेत्रों में बेचते थे।

जांच में यह भी सामने आया कि पिछले एक दशक से अपने घर न लौटने के कारण उसका परिवार समझ चुका था कि वह मर चुका है। आरोपी बिना किसी सरकारी पहचान पत्र के खदान इलाके के आसपास ही इधर-उधर रहकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देता रहा।

पुलिस ने गिरोह के तीन खरीदारों को भी गिरफ्तार किया है, जो चोरी की बाइक को आगे बेचने का काम करते थे। पुलिस का कहना है कि इस गैंग के पकड़े जाने से क्षेत्र में बाइक चोरी की कई घटनाओं का खुलासा हुआ है।

close