रायगढ़ में CCTV की निगरानी तेज, सड़क पर कचरा फैलाने वालों पर निगम की बड़ी कार्रवाई

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में नगर निगम ने शहर की स्वच्छता व्यवस्था को सख्ती से लागू करने के लिए मुख्य मार्गों पर CCTV निगरानी बढ़ा दी है। अभियान के दौरान गद्दी चौक और सुभाष चौक इलाके में सड़कों पर फैला कचरा मिलने पर निगम टीम ने संबंधित दुकानों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की। CCTV फुटेज की जांच में कचरा फेंकने की पुष्टि होने पर कुल 6 प्रकरण दर्ज किए गए और जिम्मेदार प्रतिष्ठानों पर 20 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।

शहर में फैले कचरे में कई दुकानों के पैकिंग लेबल और सामान मिले, जिसके आधार पर पास के CCTV कैमरों से फुटेज खंगाले गए। फुटेज में न्यू शर्मा बैग हाउस, न्यू संगम बाजार और अमर इंटरप्राइजेज द्वारा सड़क पर कचरा फैलाने की पुष्टि हुई। इसके बाद निगम अमले ने इन प्रतिष्ठानों पर जुर्माना लगाकर सख्त चेतावनी दी कि आगे से कचरा डस्टबिन या निर्धारित गाड़ी में ही डाला जाए।

निगम की टीम बाजार और भीड़भाड़ वाले इलाकों में लगातार निरीक्षण कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि कचरा फैलाने वालों की पहचान अब आसानी से हो रही है, क्योंकि CCTV और कचरे में मिले लेबल से सीधे सबूत मिल रहे हैं। निगम ने साफ चेतावनी दी है कि कोई भी व्यक्ति या दुकान स्वच्छता नियमों की अवहेलना करेगा तो तत्काल दंडात्मक कार्रवाई होगी।

पहले भी निगम ने आलोक ड्रेसेस और एकार्ट होटल पर CCTV सबूतों के आधार पर जुर्माना लगाया था। एक मामले में दुकान से कचरे से भरा कार्टन सड़क पर फेंका गया था, जबकि दूसरे प्रतिष्ठान पर पानी सड़क पर फैलाने की वजह से कार्रवाई की गई थी।

नगर निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय ने निवासियों और व्यापारियों से शहर की सफाई को लेकर जिम्मेदारी निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि रायगढ़ की स्वच्छता व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और नियम तोड़ने वालों पर कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com