ड्राई-फ्रूट्स बेचने वाले साइबर-ठग, लिंक भेजकर उड़ाए रुपए:PM किसान योजना-बैंक ऑफर का झांसा, UP-बिहार समेत 6 राज्यों में नेटवर्क, 18 साल का हैकर मास्टरमाइंड

रायपुर पुलिस ने देशभर में किसान योजना, बैंक ऑफर और RTO चालान के बहाने ठगी करने वाले गिरोह को पकड़ा है। इन आरोपियों में कोई ड्राई फ्रूट्स बेचता है तो कोई मोबाइल दुकान चलाता है। 18 साल का हैकर मास्टरमाइंड है। वहीं सभी आरोपी 12वीं पास है। आरोपी APK फाइल भेजकर ठगी करते थे।

पुलिस ने दिल्ली, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल और उत्तरप्रदेश से कुल 6 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। रायपुर रेंज साइबर थाना पुलिस ने ये कार्रवाई की है। जानकारी के मुताबिक आरोपी फर्जी सरकारी ऐप बनाकर भी ठगी करते थे। RTO E-चालान, PM किसान योजना, बैंक, आयुष्मान कार्ड, PM आवास योजना जैसे नामों से नकली APK फाइल बनाई गई।

इन फाइलों में मेलेशियस कोड डालकर लोगों का मोबाइल हैक किया जाता था। फिर उनकी बैंकिंग और निजी जानकारी चोरी की जाती थी। क्लिक करते ही मोबाइल का पूरा नियंत्रण हैकरों के पास होता था और वे बैंक खातों से रकम उड़ा लेते थे। आरोपियों के बैंक खातों में 2 लाख रुपए होल्ड कराए गए हैं।

पुणे का धर्मजीत तैयार करता था फर्जी APK फाइल

पुलिस जांच में सामने आया कि पुणे का रहने वाला धर्मजीत सिंह (18 वर्ष) इन फर्जी APK फाइलों को तैयार करता था। फिर टेलीग्राम ग्रुप्स में लोगों को जोड़कर फाइल बेचता था। इसके बाद हैकर्स इन ऐप्स को सरकारी या बैंकिंग ऐप्स के नाम पर वॉट्सऐप ग्रुप्स में भेजकर लोगों को क्लिक करने के लिए उकसाते थे।

APK फाइल को डाउनलोड कर इंस्टॉल करते ही कई लोगों का मोबाइल हैक हो जाता था। फिर मोबाइल का सारा कंट्रोल हैकर के पास चला जाता था। इसके बाद बैंक अकाउंट से रुपए ट्रांसफर करवा लिए जाते थे। फिर उसके कॉन्टैक्ट लिस्ट से सभी को फर्जी APK फाइल डाउनलोड करने संबंधित मैसेज भेज दिया जाता था। जिससे उनके परिचित भी शिकार बनते थे।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com