कोरबा में डकैती कांड में बड़ा एक्शन: सौम्या चौरसिया की क्लासमेट के घर डकैती के मामले में 19 आरोपी गिरफ्तार, परिजनों ने लगाया फंसाने का आरोप

छत्तीसगढ़ के कोरबा में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की उप सचिव रही सौम्या चौरसिया की क्लासमेट के घर हुई डकैती मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 19 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों को मंगलवार को मेडिकल जांच के लिए जिला मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां उनके परिजनों ने जमकर हंगामा किया। परिजनों का कहना था कि पुलिस ने निर्दोष युवकों को गिरफ्तार कर जबरन फंसाया है, जबकि पुलिस का दावा है कि सैकड़ों CCTV फुटेज और कई लोगों से पूछताछ के बाद ही गिरफ्तारी की गई है।
पुलिस के अनुसार 14 नवंबर की रात तराईडांड गांव में 15 से अधिक हथियारबंद डकैत शत्रुघ्न दास के घर में घुसे और परिवार के 11 लोगों को बंधक बना लिया। डकैतों ने पीड़ित परिवार की कनपट्टी पर बंदूक तानकर सवाल किया कि सौम्या चौरसिया के कथित 20–25 लाख रुपये कहां रखे हैं। धमकी देकर डकैत घर से साढ़े 5 लाख के आभूषण और डेढ़ लाख रुपए नकद लेकर फरार हो गए। पीड़ित शत्रुघ्न दास ने बताया कि उनकी बेटी बबीता, सौम्या चौरसिया की क्लासमेट रही है, और डकैतों को इसी जानकारी के आधार पर लगा कि घर में भारी रकम मौजूद है।
जांच के लिए 50 पुलिसकर्मियों की 5 टीम बनाई गई थी, जिन्होंने 100 से अधिक CCTV फुटेज खंगालकर और 250 से ज्यादा लोगों से पूछताछ कर आरोपियों को कोरबा, जांजगीर-चांपा और सक्ती से गिरफ्तार किया। पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी चन्दकांत डिसेना को किसी ने सूचना दी थी कि घर में लगभग एक करोड़ रुपये रखे हैं, जिसके बाद गिरोह ने संगठित तरीके से डकैती की योजना बनाई।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपियों से हथियार और वारदात में उपयोग किए गए वाहन भी जब्त किए हैं। वहीं अस्पताल और कोर्ट परिसर में आरोपियों के परिजनों ने नारेबाजी कर पुलिस पर मारपीट और फर्जी केस में फंसाने का आरोप लगाया। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपी विभिन्न जिलों के हैं और जांच में उनकी भूमिका स्पष्ट पाई गई है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।










