रायपुर में करणी सेना के अध्यक्ष शेखावत ने दी गिरफ्तारी:तोमर के जुलूस निकालने पर दी थी धमकी, जमानत पर छूटे, कहा-आंदोलन समय पर होगा

रायपुर में क्षत्रिय करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ.राज शेखावत ने मौदहापारा थाने में अपनी गिरफ्तारी दी है। पुलिस ने औपचारिक कार्रवाई पूरी करने के बाद थाने से ही उन्हें जमानत दे दी। थाने के बाहर समर्थकों ने पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान थाने के बाहर 1 ASP, 2 CSP और 5 थानों के टीआई समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रही।

राज शेखावत ने कहा कि 7 दिसंबर को तय किया गया आंदोलन अपने समय पर होगा। बता दें कि एक दिन पहले राज शेखावत ने फेसबुक पर पोस्ट कर लिखा था कि वे ‘आमंत्रण यात्रा’ की शुरुआत करेंगे, जो पीड़ित परिवार की अध्यक्षता में निकाली जाएगी।

राज शेखावत ने वीरेंद्र तोमर के जुलूस के मामले में पुलिसकर्मियों के घरों में घुसने की धमकी दी थी, जिसके बाद मौदहापुरा थाने में FIR दर्ज की गई थी। यह FIR पुरानी बस्ती के पूर्व थाना प्रभारी योगेश कश्यप ने दर्ज कराई थी। वीरेंद्र तोमर फिलहाल 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल में हैं।

इंस्पेक्टर योगेश कश्यप ने की थी शिकायत

शिकायत में इंस्पेक्टर योगेश कश्यप ने आपराधिक धमकी, लोक सेवक को धमकाने और सम्मान को ठेस पहुंचाने का जिक्र किया। इसके बाद मौदहापारा पुलिस ने BNS की धाराओं में 15 नवंबर को FIR दर्ज की थी। वहीं इस पर गृहमंत्री विजय शर्मा ने कहा था कि अपराधी कोई भी हो नहीं छोड़ा जाएगा।

क्षत्रिय करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने क्या कहा

क्षत्रिय करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राज शेखावत ने सूदखोर वीरेंद्र तोमर के जुलूस निकालने का विरोध किया है। सोशल मीडिया पर 1 घंटे तक लाइव आकर समाज के लोगों से कहा था कि पुलिस ने गलत किया है। तोमर कोई आतंकवादी था क्या, जिसका जुलूस निकाला गया।

उन्होंने सरकार को चेताते हुए कहा कि क्षत्रिय समाज के लाखों लोग बहुत जल्द रायपुर कूच करेंगे। हम उन पुलिसवालों के घरों में भी घुसेंगे जो तोमर के घर के अंदर घुसे थे। इसके अलावा शेखावत ने इस कार्रवाई का मुंहतोड़ जवाब देने की बात कही है।

साथ ही राज शेखावत ने सोशल मीडिया पर पोस्ट लिखा था कि छत्तीसगढ़ में 7 दिसंबर को न्याय महापंचायत की जाएगी। वहीं 3 महीने पहले राजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष महिपाल सिंह मकराना ने रायपुर में कहा था कि हिस्ट्रीशीटर वीरेंद्र सिंह तोमर का करणी सेना से कोई संबंध नहीं है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com