जशपुर पुलिस ने फरार वारंटी को गिरफ्तार किया:’ऑपरेशन अंकुश’ में 8 मामलों का वांछित आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया

जशपुर जिले में फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन अंकुश’ के तहत कुनकुरी पुलिस ने चोरी, लूट और मारपीट जैसे गंभीर अपराधों में वांछित और स्थाई वारंटी अनीस खलखो को गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
अनीस खलखो (19) कुनकुरी के धोबी पारा का रहने वाला है और एक आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ 2017 से अब तक कुनकुरी थाने में कुल 8 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें चोरी, लूट और मारपीट के गंभीर आरोप शामिल हैं।
पेशी में गैरमौजूद रह रहा था आरोपी
पुलिस ने उसे पहले भी गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा था, लेकिन जमानत पर बाहर आने के बाद वह लगातार पेशी में गैरमौजूद रह रहा था। उसकी लगातार गैर-मौजूदगी के कारण माननीय न्यायालय ने अपराध क्रमांक 129/2019, धारा 379, 34 भादवि के एक मामले में उसके खिलाफ स्थाई वारंट जारी किया था।
सूचना पर की गई कार्रवाई
फरार वारंटी की तलाश में जुटी पुलिस को मुखबिरों और तकनीकी टीम से सूचना मिली कि अनीस खलखो अपने घर धोबी पारा, कुनकुरी में छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही थाना कुनकुरी पुलिस की टीम ने तुरंत घेराबंदी कर आरोपी को उसके घर से दबोच लिया।
लगातार जारी रहेगा अभियान- SSP
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि कुनकुरी क्षेत्र के एक कुख्यात चोर और फरार स्थाई वारंटी अनीस खलखो को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। उन्होंने यह भी कहा कि जशपुर पुलिस, फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाया जा रहा ‘ऑपरेशन अंकुश’ लगातार जारी रखेगी और भविष्य में भी ऐसी कार्रवाई की जाएगी।











