नेता प्रतिपक्ष का पीएम आवास योजना में लापरवाही का आरोप:बोले- हितग्राहियों को किस्त नहीं मिल रही, घर तोड़कर किराए में रहने को मजबूर

प्रधानमंत्री आवास योजना (PMAY) में हो रही लापरवाही उजागर करने के बाद रायपुर नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने गुरुवार को चंगोराभाठा और दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के कई वार्डों में पहुंचकर हितग्राहियों के घरों का मौके पर निरीक्षण किया।
उन्होंने बताया कि निरीक्षण के दौरान यह पता चला कि जिन लोगों का नाम योजना में शामिल हुआ है, वे आज भी अधूरे घर, रुके हुए निर्माण और किस्त न मिलने की परेशानी से जूझ रहे हैं। कई हितग्राहियों ने बताया कि किसी ने दोस्तों से कर्जा लिया, किसी ने गहने गिरवी रखे, किसी ने रिश्तेदारों से उधार लेकर निर्माण शुरू करवाया। लेकिन नगर निगम से अभी तक एक भी किस्त जारी नहीं हुई।
नक्शा और कागज देकर कहा- काम शुरू करो, किस्त भेज देंगे; पर आज तक पैसे नहीं
नेता प्रतिपक्ष ने बताया कि हितग्राहियों के मुताबिक निगम कर्मियों ने नक्शा और अनुमोदन पत्र देकर कहा था कि “आप काम शुरू कराएं, किस्त जारी कर दी जाएगी।” विश्वास में आकर लोगों ने अपने पुराने घर तोड़ दिए। लेकिन महीनों बाद भी किस्त जारी नहीं हुई।
अब हालत यह है कि कई परिवार किराए के मकानों में रहने मजबूर हैं, जबकि उनका खुद का घर आधा-अधूरा पड़ा है।
तिवारी ने यह भी आरोप लगाया कि ट्रिपल इंजन सरकार योजना के क्रियान्वयन में पूरी तरह विफल हो चुकी है।
स्थल निरीक्षण में पार्षद भी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान उनके साथ छाया पार्षद डॉ. सुभाषिनी देवांगन भी मौजूद रहीं। दोनों ने हितग्राहियों से उनकी समस्याएं विस्तार से सुनीं और नगर निगम से जल्द कार्रवाई की मांग की।











