ऊर्जा मंत्री के गांव में टूटा राघोपुर तटबंध, इलाके में हड़कंप… 60 फीट से ज्यादा हिस्से में कटाव, तेजी से फैल रहा गंगा का पानी

बिहार के भागलपुर में नवगछिया अनुमंडल के खरीक प्रखंड स्थित राघोपुर गांव में सोमवार की देर रात राघोपुर-नरकटिया तटबंध में अचानक कटाव होने से इलाके में हड़कंप मच गया. बिहार सरकार के ऊर्जा मंत्री एवं गोपालपुर विधायक शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल के पैतृक गांव में जल संसाधन विभाग के कैंप कार्यालय के समीप रात करीब तीन बजे तटबंध टूट गया. शुरुआती जानकारी के अनुसार, करीब 60 फीट से ज्यादा के हिस्से में कटाव हुआ है.

तटबंध टूटने के बाद गंगा का पानी तेजी से आसपास के इलाकों में फैलने लगा, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है. घटना की जानकारी मिलते ही जल संसाधन विभाग के अभियंताओं और कर्मचारियों की टीम मौके पर पहुंची और टूटे हिस्से को दुरुस्त करने का काम शुरू कर दिया. स्थानीय ग्रामीण भी बचाव और मरम्मत कार्य में सहयोग कर रहे हैं.

घटना की गंभीरता को देखते हुए भागलपुर की जिलाधिकारी अलंकृता पांडे और नवगछिया के एसपी वैभव कुमार भी मौके पर पहुंचे और तटबंध का जायजा लिया. दोनों अधिकारियों ने मौके पर मौजूद जल संसाधन विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों से स्थिति की जानकारी ली. डीएम ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए तटबंध को जल्द से जल्द दुरुस्त करने और पानी के फैलाव को नियंत्रित करने के लिए युद्धस्तर पर काम करने को कहा.

डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिया कि मरम्मत कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए. साथ ही, बांध टूटने के बाद आसपास के आम लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए भी आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करने का आदेश दिया गया है. निचले इलाकों में पानी के फैलाव और ग्रामीणों की स्थिति पर लगातार नजर रखने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए हैं.

फिलहाल सबसे बड़ी चुनौती तटबंध के टूटे हिस्से को जल्द सुरक्षित करना और गंगा के पानी के फैलाव को रोकना है. प्रशासन की ओर से स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है. ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते तटबंध को पूरी तरह सुरक्षित नहीं किया गया तो आसपास के गांवों में पानी फैलने से बड़ी परेशानी खड़ी हो सकती है. अब सबकी निगाहें जल संसाधन विभाग की मरम्मत और बचाव कार्रवाई पर टिकी हैं.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com