समस्तीपुर के नवोदय विद्यालय में रैगिंग! नंगा कर 7वीं के 35 छात्रों को बेल्ट से पिटा, छात्र अस्पताल में भर्ती

पीएमश्री जवाहर नवोदय विद्यालय, बिरौली के छात्रावास में शुक्रवार देर रात जूनियर छात्रों के साथ कथित रैगिंग और बेरहमी से मारपीट का मामला सामने आने के बाद हड़कंप मच गया. आरोप है कि कक्षा 8 के करीब 20-25 छात्रों ने कक्षा 7 के छात्रों को छात्रावास के कमरों में बुलाकर बेल्ट से पीटा. घटना में कई छात्र घायल हुए, जबकि करीब 8 छात्रों को इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल, पूसा भेजा गया.

पीड़ित छात्रों के अनुसार, रात करीब 11 बजे हाउस फादर के रात्रि निरीक्षण के बाद सीनियर छात्रों ने कक्षा 7 के बच्चों को बारी-बारी से बुलाना शुरू किया. आरोप है कि पहले उदयगिरी हाउस, फिर नीलगिरी और अभयगिरी हाउस के जूनियर छात्रों को बुलाया गया और उनसे सीनियर छात्रों के काम करने तथा उनके आदेश मानने को कहा गया.

नंगा कर बाल्टी पर बैठाकर पीटने का आरोप

सबसे गंभीर आरोप यह है कि कुछ छात्रों को नंगा कर बाल्टी पर बैठाकर बेल्ट से पीटा गया. पीड़ितों का कहना है कि मारपीट के दौरान कोई छात्र बेसुध हो जाता तो उसे पानी पिलाकर होश में लाया जाता और फिर कथित तौर पर दोबारा पीटा जाता था.

छात्रों ने आरोप लगाया कि सीनियर छात्र उनसे मेस से खाना लाने, खाना खाने के बाद प्लेट-थाली साफ करने और दूसरे छोटे-मोटे काम करवाते थे. घर से आने वाले बिस्किट, दालमोट और ड्राई फ्रूट तक छीन लेने का आरोप लगाया गया है.

एक पीड़ित छात्र आर्यन कुमार ने बताया कि शिक्षकों की ओर से स्पष्ट निर्देश था कि कोई छात्र दूसरे छात्र के लिए खाना लेने नहीं जाएगा. इसके बावजूद जूनियर छात्रों को बार-बार मेस भेजा जाता था. आरोप है कि विरोध करने या आदेश नहीं मानने पर उन्हें प्रताड़ित किया जाता था.

पीड़ित छात्रों के मुताबिक, मारपीट के दौरान एक छात्र किसी तरह छिपकर कक्षा 9 के छात्रों से मदद मांगने में सफल रहा. इसके बाद मामले की जानकारी दूसरे छात्रों तक पहुंची और कथित तौर पर मारपीट रुकवाई गई. आरोप है कि तब तक कई छात्र चोटिल हो चुके थे और कुछ की हालत ऐसी हो गई थी कि वे बेसुध पड़ गए थे.

रात में ही अभिभावकों को बुलाया गया

घटना की जानकारी स्कूल प्रशासन को मिलते ही रात में ही कार्रवाई शुरू कर दी गई. घायल छात्रों को अस्पताल भेजा गया और मारपीट में शामिल बताए जा रहे छात्रों के अभिभावकों को विद्यालय बुलाकर बच्चों को उनके सुपुर्द कर दिया गया.

विद्यालय प्रशासन के मुताबिक, करीब 20 छात्रों की पहचान की गई है. इन छात्रों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करते हुए उन्हें विद्यालय से निलंबित कर अभिभावकों को सौंपे जाने की बात कही गई है. घटना के बाद कक्षा 7 के कई छात्र दहशत में बताए जा रहे हैं और कुछ छात्र अपने परिजनों के साथ घर चले गए.

प्राचार्य ने क्या कहा?

विद्यालय के प्राचार्य आर.एस. झा ने बताया कि कक्षा 8 के छात्रों द्वारा कक्षा 7 के छात्रों के साथ मारपीट की गई है. उनके अनुसार, करीब 7 छात्र घायल हुए हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया. मारपीट में शामिल करीब 20 छात्रों की पहचान की गई है और उनके अभिभावकों को बुलाकर बच्चों को सुपुर्द किया गया है. प्राचार्य ने कहा कि जल्द ही शिक्षक संगोष्ठी आयोजित कर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

छात्रावास की निगरानी व्यवस्था पर उठे सवाल

इस घटना ने जवाहर नवोदय विद्यालय जैसे आवासीय विद्यालय में छात्रावास की निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. सवाल यह भी है कि यदि जूनियर छात्रों को लंबे समय से कथित तौर पर प्रताड़ित किया जा रहा था, तो इसकी जानकारी समय रहते विद्यालय प्रशासन तक क्यों नहीं पहुंची?

रैगिंग को आमतौर पर बड़े कॉलेजों और विश्वविद्यालयों से जोड़कर देखा जाता रहा है, लेकिन समस्तीपुर के इस मामले ने चिंता बढ़ा दी है कि रैगिंग और सीनियर-जूनियर दबदबे की संस्कृति अब स्कूली बच्चों के छात्रावास तक भी पहुंच रही है.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com