‘आप बचेंगे नहीं’, EC पर खुलासे को लेकर राहुल गांधी बोले- ये संविधान पर हमला

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने चुनाव आयोग को लेकर ‘इंडियन एक्सप्रेस’ के खुलासे पर तीखी प्रतिक्रिया दी है. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट में राहुल गांधी ने ‘मतदान चोरी’ को भारतीय जनता के खिलाफ अपराध और संविधान पर सीधा हमला बताया. उन्होंने आरोप लगाया कि BJP, RSS और चुनाव आयोग ने मिलकर इसे अंजाम दिया है… तीनों ने देशद्रोह का कार्य किया है.

राहुल गांधी ने अपने पोस्ट में लिखा, ‘मतदान चोरी भारतीय जनता के खिलाफ एक अपराध है और हमारे संविधान पर सीधा हमला… BJP, RSS और EC, जिन्होंने इसे आयोजित किया, ने देशद्रोह का कार्य किया है… न्याय होगा.’ इस पोस्ट के साथ राहुल गांधी ने एक वीडियो भी पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने कहा, ‘मैं चुनाव आयोग और उनके अफसरों को साफ कह रहा हूं, आप जो कर रहे हो वो गलत कर रहे हो, ये राजद्रोह है… टाइम आएगा.. हम आपको पकड़ेंगे.. बचेंगे नहीं आप.’

वहीं, कांग्रेस ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर राहुल गांधी का एक वीडियो शेयर करते हुए लिखा- बीजेपी और निर्वाचन आयोग मिलकर हमारी लोकतंत्र को नष्ट करने और लोगों की आवाज छीनने की साजिश रच रहे हैं. सबसे बड़ा देशद्रोह कार्य है वोट चोरी.

वोट चोरी के आरोपों पर लगातार हमलावर हैं राहुल

गौरतलब है कि राहुल गांधी पिछले काफी समय से चुनावी प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं और मतदाता सूची में बदलाव को लेकर चुनाव आयोग पर सवाल उठाते रहे हैं. इससे पहले भी उन्होंने वोट चोरी का आरोप लगाते हुए चुनावी व्यवस्था में पारदर्शिता की मांग की थी. हालांकि, चुनाव आयोग ने राहुल गांधी के वोट चोरी किए जाने के आरोपों को खारिज करते हुए उन्हें गलत और निराधार बताया था.

सितंबर 2026 में भी राहुल गांधी ने चुनाव आयोग पर निशाना साधा. पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के नाम और चुनाव चिन्ह को लेकर आयोग की कार्रवाई के बाद उन्होंने BJP और चुनाव आयोग पर विपक्षी दलों को कमजोर करने के आरोप लगाए. उन्होंने इसे ‘वोट चोरी, सरकार चोरी और अब पार्टी चोरी’ की राजनीतिक बहस से जोड़ा.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close