होटल कारोबारी से संदिग्ध लेनदेन मामले में डीएसपी कल्पना वर्मा निलंबित

छत्तीसगढ़ सरकार ने एक होटल कारोबारी के साथ संदिग्ध आर्थिक लेनदेन के मामले में दंतेवाड़ा में पदस्थ डीएसपी कल्पना वर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। गृह विभाग द्वारा इस संबंध में आदेश जारी किया गया है।
जानकारी के अनुसार, डीएसपी कल्पना वर्मा और एक होटल व्यवसायी के बीच पैसों के लेनदेन से जुड़ा एक वीडियो हाल ही में सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। यह वीडियो विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों तक भी पहुंचा, जिसमें भ्रष्टाचार और पद के दुरुपयोग के संकेत मिले थे।
वीडियो सामने आने के बाद गृह विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए गोपनीय जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में अनियमितता की आशंका के चलते विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए निलंबन का निर्णय लिया।
सूत्रों के अनुसार, मामले की विस्तृत जांच जारी है और संबंधित पक्षों से पूछताछ की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आगे की विभागीय और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सरकार ने स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार और अनियमितता के मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी पाए जाने पर सख्त कदम उठाए जाएंगे।











