सूरजपुर में नशे के कारोबार पर पुलिस का बड़ा वार: 4 लाख का गांजा जब्त, घेराबंदी में 3 तस्कर गिरफ्तार; 2 फरार

सूरजपुर: जिले में नशे के अवैध कारोबार पर लगाम कसने के लिए सूरजपुर पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है. इसी कड़ी में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है, जहां करीब 4 लाख रुपये कीमत के 8 किलो गांजा के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. इस दौरान गांजा परिवहन में प्रयुक्त टाटा सफारी वाहन को भी जब्त किया गया है, जबकि दो आरोपी मौके से फरार हो गए जिनकी तलाश जारी है.

जानकारी के अनुसार, पुलिस महानिरीक्षक के निर्देशन एवं एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर के मार्गदर्शन में जिले के सभी थाना और चौकी प्रभारियों को नशे के अवैध कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और वाहनों की प्रभावी चेकिंग के निर्देश दिए गए थे. इसी के तहत पुलिस टीम लगातार संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रख रही है.

इसी क्रम में 03 मार्च 2026 को चौकी लटोरी पुलिस मुख्य मार्ग लटोरी में मोटर व्हीकल एक्ट के तहत वाहनों की चेकिंग कर रही थी. इसी दौरान अंबिकापुर की ओर से आ रही टाटा सफारी वाहन क्रमांक CG 15 EG 4455 पुलिस चेकिंग को देखकर अचानक चेकिंग स्थल से करीब 50 मीटर पहले रुक गई और वाहन चालक वाहन मोड़ने का प्रयास करने लगा. वाहन की गतिविधि संदिग्ध लगने पर पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया.

घेराबंदी के दौरान वाहन में सवार दो व्यक्ति मौके का फायदा उठाकर भाग निकले, जबकि पुलिस ने जीवधन पैंकरा (28 वर्ष) निवासी सोनगरा, सुरेन्द्र कुमार लास्कर (20 वर्ष) और ललित यादव (21 वर्ष) निवासी ग्राम बरौधी थाना भटगांव को पकड़ लिया. तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 8 किलो गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 4 लाख रुपये बताई जा रही है.
पुलिस ने गांजा और परिवहन में प्रयुक्त सफारी वाहन को जब्त करते हुए आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20बी के तहत कार्रवाई कर तीनों को गिरफ्तार कर लिया है. वहीं फरार दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है. इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी लटोरी अरुण गुप्ता, एएसआई मानिकदास, प्रधान आरक्षक दिलेश्वर सिंह, आरक्षक विकास मिश्रा, संतोष जायसवाल, शोभनाथ कुशवाहा, इस्तियाक अहमद, देवकीनंदन खुटिया, कैलू राजवाड़े, सुनील एक्का और सैनिक तामेश्वर राजवाड़े की अहम भूमिका रही.

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में नशे के कारोबार को जड़ से खत्म करने के लिए आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com