उत्तर प्रदेश: बहराइच में नाले में फिसल कर डूबा बालक, तलाश में जुटे ग्रामीण और पुलिस

बहराइच: यूपी के बहराइच के चौकी बैवाही क्षेत्र के रायगंज गांव में सोमवार दोपहर करीब दो बजे एक किशोर भगहर नाले में पैर फिसलने से डूब गया. घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए.

प्राप्त जानकारी के अनुसार रायगंज गांव निवासी अनुज (15) पुत्र राम सहारे सोमवार को रामपुर धोबिया स्थित भीमराव अंबेडकर विद्यालय से पढ़ाई कर घर लौट रहा था। घर के पास स्थित भगहर नाले के किनारे वह रुक गया. इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह संतुलन खोकर नाले के गहरे पानी में गिरकर डूब गया.

पुलिस टीम भी खोजबीन में जुटी

काफी देर तक ग्रामीणों द्वारा तलाश किए जाने के बाद भी किशोर का कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही चौकी बैवाही पुलिस मौके पर पहुंच गई और ग्रामीणों की मदद से तलाश अभियान शुरू कर दिया.

पुलिस का बयान

चौकी इंचार्ज बैवाही महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि किशोर के नाले में डूबने की सूचना मिली है। पुलिस टीम ग्रामीणों के साथ मिलकर किशोर की तलाश कर रही है.

अनुज के चाचा ने देखा घटना को

घटना को अनुज के चाचा ननकू उर्फ इंद्रप्रताप ने अपनी आंखों से देखा। उस समय वह पास ही अपने खेत में काम कर रहे थे। उन्होंने शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुलाया, जिसके बाद ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और किशोर की तलाश शुरू कर दी.

ग्रामीणों द्वारा नाव की मदद से नाले में खोजबीन की जा रही है। बताया जा रहा है कि भगहर नाले में सरयू नदी का पानी आता है, जिससे इसकी गहराई अधिक रहती है। स्थानीय लोगों के अनुसार इससे पहले भी यहां डूबने की घटनाएं हो चुकी हैं.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close