यूट्यूबर अनुराग डोभाल की हालत फिर बिगड़ी, घर ले जाते समय सांस लेने में दिक्कत, दोबारा अस्पताल में भर्ती

मशहूर यूट्यूबर और बिग बॉस 17 के कंटेस्टेंट अनुराग डोभाल की तबीयत एक बार फिर गंभीर हो गई है। अस्पताल से डिस्चार्ज होकर घर लौटते समय रास्ते में अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें तुरंत दोबारा अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है।
बताया जा रहा है कि डॉक्टरों ने 13 मार्च को उनकी हालत स्थिर होने के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी थी। परिवार के सदस्य उन्हें देहरादून स्थित घर ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में अचानक उन्हें सांस लेने में गंभीर परेशानी होने लगी। स्थिति बिगड़ने पर उन्हें एम्बुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उन्हें ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखा गया है।
अनुराग के मैनेजर ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी साझा किया, जिसमें वह एम्बुलेंस में स्ट्रेचर पर लेटे हुए दिखाई दे रहे हैं और उन्हें ऑक्सीजन मास्क लगाया गया है। मैनेजर के मुताबिक उनकी हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है और डॉक्टर लगातार इलाज कर रहे हैं।
कुछ समय पहले अनुराग डोभाल ने एक वीडियो में अपने परिवार पर गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने बताया था कि उनकी इंटर-कास्ट शादी को लेकर परिवार में लंबे समय से विवाद चल रहा था। इस मानसिक तनाव के बीच उन्होंने इंस्टाग्राम लाइव के दौरान तेज रफ्तार कार चलाकर आत्महत्या की कोशिश की थी और कार को डिवाइडर से टकरा दिया था।
इस हादसे में उनके शरीर को गंभीर चोटें आई थीं। कमर के नीचे की हड्डियां टूट गई थीं और फेफड़ों में भी गंभीर चोट लगने के साथ उन्हें निमोनिया हो गया था। इसी वजह से उनकी स्थिति लगातार गंभीर बनी हुई है।
अनुराग डोभाल सोशल मीडिया पर ‘यूके 07 राइडर’ के नाम से काफी लोकप्रिय हैं और उनके लाखों फॉलोअर्स हैं। उनकी तबीयत बिगड़ने की खबर सामने आने के बाद फैंस और कई सेलेब्रिटी सोशल मीडिया पर उनके जल्द स्वस्थ होने की दुआ कर रहे हैं। डॉक्टरों का कहना है कि फिलहाल उनकी हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है।











