शादी से इनकार पर किशोरी और परिवार को दी जान से मारने की धमकी, आरोपी युवक गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले में शादी से इनकार करने पर एक युवक द्वारा किशोरी और उसके परिवार को धमकी देने का मामला सामने आया है। आरोपी युवक ने कथित तौर पर किशोरी को फोन कर कहा कि अगर वह उससे शादी नहीं करेगी तो वह उसे जबरन उठा ले जाएगा और पूरे परिवार को जान से मार देगा। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार सुहवल थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली किशोरी को रिश्तेदारी का युवक लंबे समय से परेशान कर रहा था। आरोपी कालूपुर गांव का रहने वाला बताया गया है। परिजनों का आरोप है कि वह अक्सर किशोरी को फोन कर गाली-गलौज करता था और शादी करने का दबाव बनाते हुए धमकियां देता था।

पीड़िता के पिता के मुताबिक युवक बार-बार कहता था कि अगर लड़की ने उससे शादी नहीं की तो वह पूरे परिवार को खत्म कर देगा और किशोरी का अपहरण कर ले जाएगा। धमकियों से परेशान होकर जुलाई 2024 में पीड़िता के पिता ने करंडा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उस समय पुलिस ने युवक को बुलाकर फटकार लगाई और भविष्य में ऐसी हरकत न करने की चेतावनी दी थी।

परिवार का आरोप है कि चेतावनी के बावजूद आरोपी अपनी हरकतों से बाज नहीं आया और फिर से धमकाने लगा। 13 मार्च को जब किशोरी के पिता ने उसे ऐसा करने से रोका तो आरोपी ने गुस्से में आकर ईंट-पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। इसके बाद पीड़ित परिवार ने तुरंत डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी युवक को पकड़कर थाने ले आई। पीड़ित पिता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने अर्जुन यादव सहित एक अन्य युवक के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

jagjaahir desk

जगजाहिर में स्पोर्ट्स बीट पर काम कर रहे हैं। स्पोर्ट्स में क्रिकेट, फुटबॉल, हॉकी, टेनिस, बैडमिंटन और एथलेटिक्स गेम्स के मामलों पर काफी अच्छी पकड़ रखते हैं। हमारे पास विभिन्न मुद्दों पर लिखने का 8 साल से अधिक समय का अनुभव है। पत्रकारिता के अपने इस करियर में कई बड़े स्पोर्ट्स इवेंट्स जिसमें साल 2015 और 2019 और 2023 वनडे वर्ल्ड कप, आईपीएल और फुटबॉल वर्ल्ड कप को कवर किया है।
close
Virus-free.www.avast.com