पालम अग्निकांड: बहुमंजिला इमारत में भीषण आग, 3 बच्चों सहित 9 की मौत; बचाव के लिए बच्चों को पहली मंजिल से फेंका

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के पालम इलाके में बुधवार सुबह एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। साध नगर स्थित एक बहुमंजिला इमारत में लगी भीषण आग में तीन बच्चों समेत कुल नौ लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए।

यह दर्दनाक घटना राम चौक बाजार इलाके में हुई, जहां इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर स्थित एक कॉस्मेटिक दुकान में सुबह करीब 6:40 बजे आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और ऊपरी मंजिलों तक फैल गई। धुएं का घना गुबार पूरे भवन में भर गया, जिससे अंदर फंसे लोग बाहर निकलने में असमर्थ हो गए।

सूचना मिलते ही दिल्ली फायर सर्विस की करीब 30 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। दमकलकर्मियों ने सात घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जिनमें तीन बच्चे भी शामिल थे।

शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार, घटना के समय अधिकांश लोग गहरी नींद में थे, जिससे उन्हें संभलने का मौका नहीं मिला।

इस भयावह घटना के दौरान कई दिल दहला देने वाले दृश्य सामने आए। आग और धुएं से घिरे लोगों ने अपने बच्चों को बचाने के लिए उन्हें पहली मंजिल से नीचे फेंक दिया, जहां मौजूद लोगों ने उन्हें पकड़कर अस्पताल पहुंचाया।

प्रत्यक्षदर्शियों ने राहत कार्य में देरी का भी आरोप लगाया है। उनका कहना है कि दमकल विभाग को मौके पर पहुंचने में करीब 40 से 45 मिनट का समय लगा, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई।

फिलहाल, प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आग लगने के सटीक कारणों का पता लगाया जा रहा है।

close