IGNOU में अब 1 साल में MA, इन 9 कोर्स में एडमिशन का मौका

अगर आपने चार वर्षीय स्नातक कार्यक्रम यानी FYUP के तहत ग्रेजुएशन किया है और अब कम समय में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री लेना चाहते हैं तो आपके लिए जरूरी खबर है. इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (IGNOU) ने FYUP से पढ़ाई पूरी करने वाले छात्रों के लिए एक वर्षीय मास्टर डिग्री प्रोग्राम शुरू किए हैं. इन पाठ्यक्रमों के जरिए एलिजिबल स्टूडेंट सामान्य दो वर्षीय पीजी कोर्स की तुलना में कम समय में मास्टर डिग्री पूरी कर सकेंगे.
विश्वविद्यालय ने फिलहाल नौ विषयों में एक साल की मास्टर डिग्री का विकल्प दिया है. खासतौर पर नौकरी करने वाले युवाओं के लिए यह पहल काफी उपयोगी हो सकती है.
16 अगस्त तक कर सकते हैं आवेदन
IGNOU के इन एक वर्षीय मास्टर प्रोग्राम में एडमिशन लेने के इच्छुक और एलिजिबल उम्मीदवार 16 अगस्त 2026 तक आवेदन कर सकते हैं. आवेदन के लिए उम्मीदवार के पास APAAR ID होना जरूरी है. अगर किसी छात्र को APAAR ID बनाने में परेशानी आती है तो वह IGNOU की ओर से दी जाने वाली सहायता ले सकता है. आवेदन करने से पहले उम्मीदवारों को संबंधित कोर्स की एलिजिबल और जरूरी दस्तावेजों की जानकारी जरूर देख लेनी चाहिए.
इन 9 विषयों में मिलेगा एक साल का पीजी
FYUP से ग्रेजुएशन करने वाले एलिजिबल छात्रों के लिए IGNOU ने नौ विषयों में एक वर्षीय मास्टर डिग्री का विकल्प दिया है. इनमें एमए इकोनॉमिक्स, एमए सोशियोलॉजी, एमए हिस्ट्री, एमकॉम, एमए हिंदी, एमए जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन, एमए इंग्लिश, एमए संस्कृत और एमए उर्दू शामिल हैं.
NEP 2020 के तहत लचीली पढ़ाई का विकल्प
इन कोर्स का उद्देश्य चार वर्षीय स्नातक कार्यक्रम पूरा करने वाले छात्रों को हायर एजुकेशन के ज्यादा विकल्प देना है. यह व्यवस्था राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 के तहत विकसित किए जा रहे लचीले और मल्टी डिसीप्लिनरी एजुकेशन मॉडल से जुड़ी है. एक साल में पीजी पूरा करने का विकल्प उन छात्रों के लिए खासतौर पर फायदेमंद हो सकता है जो नौकरी के साथ आगे की पढ़ाई करना चाहते हैं या जल्द अतिरिक्त डिग्री हासिल कर अपने करियर में आगे बढ़ना चाहते हैं.
एलिजिबल छात्रों को मिल सकती है स्कॉलरशिप
एडमिशन कन्फर्म होने के बाद एलि विद्यार्थी भारत सरकार की छात्रवृत्ति के लिए National Scholarship Portal (NSP) के जरिए आवेदन कर सकते हैं. हालांकि, स्कॉलरशिप पाने के लिए संबंधित योजना की एलिजिबलिटी और दूसरी शर्तों को पूरा करना जरूरी होगा.
जुलाई एडमिशन को लेकर भी IGNOU का अपडेट
IGNOU ने जुलाई 2026 एडमिशन साइकिल के फ्रेश एडमिशन को लेकर भी छात्रों को जानकारी दी है. जिन उम्मीदवारों का आवेदन अभी कन्फर्म नहीं हुआ है, उनके आवेदन की जांच फिलहाल जारी है. छात्रों को अपने ऑनलाइन एडमिशन पोर्टल पर रेगुलर रूप से लॉगिन करके स्टेटस चेक करने की सलाह दी गई है.
अगर जांच में आवेदन या दस्तावेजों में कोई कमी मिलती है तो पोर्टल पर Discrepancy Link दिखाई देगा. इसके जरिए छात्र जरूरी जानकारी या दस्तावेज जमा कर कमी दूर कर सकेंगे. आवेदन सही पाए जाने पर एडमिशन कन्फर्म होगा, इसके बाद एनरोलमेंट नंबर जारी किया जाएगा और रजिस्टर्ड ईमेल पर कन्फर्मेशन मेल के साथ ID Card भी भेजा जाएगा.











