दीपका खदान में श्रमिक की संदिग्ध मौत, गेट जाम कर विरोध; काम पूरी तरह ठप


कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले स्थित एसईसीएल (साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड) की दीपका खदान में एक श्रमिक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया है। आक्रोशित परिजनों और साथी ड्राइवरों ने कंपनी के मुख्य द्वार पर चक्का जाम कर दिया, जिससे खदान का काम पूरी तरह ठप हो गया।
मृतक की पहचान अण्डीकछार निवासी जुरखन जांगड़े (32 वर्ष) के रूप में हुई है, जो कलिंगा कंपनी में कार्यरत था। जानकारी के अनुसार, वह मंगलवार रात करीब 9:30 बजे सेकंड शिफ्ट में ड्यूटी के लिए खदान पहुंचा था, जहां संदिग्ध हालात में उसकी मौत हो गई।
घटना की खबर मिलते ही बुधवार सुबह से परिजनों और साथी कर्मचारियों में भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने कंपनी के मुख्य गेट पर जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शन के चलते खदान में कामकाज पूरी तरह बाधित हो गया है।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि मामले को दबाने के लिए कुछ बिचौलिए सक्रिय हैं और परिवार पर समझौते का दबाव बनाया जा रहा है। परिजनों ने साफ कहा है कि उन्हें केवल आश्वासन नहीं, बल्कि लिखित रूप में न्याय चाहिए।
प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांगों में मृतक के परिवार को उचित मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को स्थायी नौकरी, घटना की निष्पक्ष जांच और खदान में सुरक्षा मानकों की समीक्षा शामिल है।
वहीं दीपका थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने में जुटी हुई है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।











